Read in App

DevBhoomi Insider Desk
• Thu, 17 Nov 2022 12:47 pm IST

राजनीति

मैनपुरी उपचुनाव: चाचा शिवपाल से मिले अखिलेश और डिंपल, फिर ट्वीट से मचा दी खलबली


मैनपुरी: मैनपुरी लोकसभा सीट पर हो रहे उपचुनाव को लेकर सरगर्मी बढ़ गई है। मुलायम सिंह यादव के निधन के बाद खाली हुई इस सीट पर समाजवादी पार्टी से डिंपल यादव तो भारतीय जनता पार्टी से पूर्व सांसद रघुराज सिंह शाक्‍य मैदान में हैं। इस बीच गुरुवार को सपा प्रमुख अखिलेश यादव पत्‍नी डिंपल यादव के साथ अपने चाचा व प्रगतिशील समाजवादी पार्टी के प्रमुख शिवपाल सिंह यादव से मिलने उनके आवास पहुंचे।

पिता मुलायम सिंह के निधन के बाद अखिलेश यादव बदले-बदले नजर आ रहे हैं। अखिलेश ने आजमगढ़ उपचुनाव में शिवपाल सिंह यादव को स्टार प्रचारक नहीं बनाया था और न ही इस तरह से मुलाकात की थीलेकिन, मैनपुरी उपचुनाव को लेकर अखिलेश कोई कसर नहीं छोड़ रहे। मीडिया में चाचा शिवपाल यादव की नाराजगी की चल रही खबरों के बीच आज अखिलेश और डिंपल ने उनके आवास पर पहुंचकर मुलाकात की। साथ ही ट्वीट करते हुए कहा- नेता जी और घर के बड़ों के साथ-साथ, मैनपुरी की जनता का भी आशीर्वाद साथ है।


सियासी अटकलों पर लगा विराम

इस ट्वीट के बाद मीडिया में चल रहीं तमाम उन खबरों पर रोक लग गई, जिसमें कहा जा रहा था कि अभी तक चाचा शिवपाल सिंह यादव की नाराजगी अखिलेश यादव से खत्‍म नहीं हुई है। चर्चाएं ये भी थीं कि कहीं नाराजगी के चलते शिवपाल यादव नेताजी की पुत्रवधू डिंपल यादव को समर्थन देने से पीछे न हट जाएं। हालांकि, पहले सपा के स्‍टार प्रचारकों की लिस्‍ट में शिवपाल यादव का ना‍म शामिल होने और उसके बाद आज उनके आवास पर अखिलेश-डिंपल का पहुंचकर आशीर्वाद लेना काफी हक तक शिवपाल की नाराजगी की अटकलों पर विराम लगाता दिखाई दे रहा है।