Read in App


• Wed, 7 Jul 2021 11:31 am IST


पथराव मामले में 15 पर बलवे का मुकदमा दर्ज


हल्द्वानी। बनभूलपुरा पुलिस ने पथराव के बाद दोनों पक्षों की तहरीर के आधार पर 15 लोगों के खिलाफ बलवा का मुकदमा दर्ज किया है। पुलिस इस मामले में आरोपियों की तलाश कर रही है। घटना का कारण दो गुटों के बीच वर्चस्व का विवाद बताया जा रहा है। वार्ड 27 गांधीनगर निवासी ललित वाल्मीकि ने तहरीर में बताया कि सोमवार की शाम वह राजपुरा से दूध लेकर अपने घर की ओर जा रहा था। इसी समय गांधीनगर निवासी साहिल (रिंकू) ने उसके साथ गाली गलौज की। आरोप है कि कुछ देर बाद वह अपने साथियों सोम सोनकर, छोटू सोनकर और अन्य लोगों को लेकर आया उसके साथ मारपीट शुरू कर दी। वह जान बचाकर घर की ओर भागने लगा।

आरोप है कि इस बीच रजना सोनकर, कमल आदि ने उसे घेर लिया और उस पर पथराव करने लगे। इधर टिंकू सोनकर ने बताया कि घटना के समय वह चाट खरीदने गया था। इस बीच ललित, विकास, परितोष, अमित, शिवम, तपन, तरुन, राज, सौरभ, गोलू (हरदा) ने पथराव कर दिया। पथराव से उसकी तीन गाड़ियां क्षतिग्रस्त हो गई। दोनों एक दूसरे से जानमाल का खतरा बता रहे हैं। पुलिस ने दोनों मामलों में धारा 147,148, 149, 504, 506 के तहत 15 लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया है। थानाध्यक्ष प्रमोद पाठक का कहना है कि गांधीनगर में पुलिस तैनात कर दी गई है। घटना में शामिल आरोपियों को जांच के बाद गिरफ्तार किया जाएगा।