Read in App

DevBhoomi Insider Desk
• Tue, 4 Oct 2022 1:00 pm IST


बागेश्वर में होती दिखी सीएम धामी के आदेश की अवहेलना, जानिए क्या है मामला


बागेश्वर : मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने प्रदेश की सड़कों को गड्ढामुक्त करने के लिए संबंधित महकमों को 15 अक्तूबर तक का समय दिया है। सीएम के आदेश का इस जिले में पालन होता नहीं दिखाई दे रहा है। जिला मुख्यालय की सड़कें गड्ढों से पटी हैं पर देखने वाला कोई नहीं है।एनएच के अधीन माल रोड पर बने गड्ढों को मिट्टी से पाटा गया था। बारिश के दौरान मिट्टी बहने के बाद फिर हालात पूर्ववत हो गए हैं। जल संस्थान की पाइप लाइन से होने वाले रिसाव और बारिश के कारण गड्ढों में पानी भर जाता है। इससे दोपहिया वाहनों के रपटने का खतरा रहता है।ऐसा ही हाल गोमती पुल के समीप हो रहा है। सड़क पर गड्ढों की संख्या बढ़ते जा रही है। पीपल के पेड़ के पास जलभराव हो रहा है। पुल के दोनों छोरों में गड्ढे बन गए हैं। वाहन चालकों और पैदल चलने वाले लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। एनएच लापरवाह बना हुआ है। स्टेशन रोड पर लोनिवि की सड़क पर बने गड्ढे लोगों की परेशानियां बढ़ा रहे हैं। वाहन संचालन में भी दिक्कत आ रही है।