Read in App

DevBhoomi Insider Desk
• Fri, 22 Apr 2022 10:54 am IST

राजनीति

चुनावी मैदान में किसके साथ होगा सीएम धामी का मुकाबला ?


चम्पावत: उत्तराखंड बनने के बाद चंपावत विधानसभा सीट पर पहली बार उपचुनाव हो रहा है। इस उपचुनाव में भाजपा से मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी मैदान में होंगे। मुख्य विपक्षी दल कांग्रेस ने प्रत्याशी चयन को लेकर अभी पत्ते नहीं खोले हैं। ऐसे में सवाल उठ रहा है कि सीएम के सामने कौन प्रत्याशी होगा? चंपावत विधायक कैलाश गहतोड़ी ने विधानसभा की सदस्यता से त्यागपत्र दे दिया है। विधानसभा अध्यक्ष ने गहतोड़ी का त्यागपत्र मंजूर करने की जानकारी भी मीडिया को दे दी है। इसके बाद यह साफ हो गया है कि चम्पावत सीट से सीएम धामी उपचुनाव लड़ने जा रहे हैं। भाजपा की ओर से स्थिति स्पष्ट हो गई है पर कांग्रेस ने तस्वीर साफ नहीं की है।इधर, कांग्रेस के स्थानीय नेताओं का कहना है कि पार्टी हाईकमान जिसे भी प्रत्याशी बनाएगा, सब कार्यकर्ता पूरे दमखम से उसे जिताने में जुटेंगे। पूर्व में मुख्यमंत्रियों के उपचुनाव में उतरने पर नजर डालें तो ये भी साफ है कि किसी भी सीएम को उपचुनाव में जीत के लिए मशक्कत नहीं करनी पड़ी।