DevBhoomi Insider Desk • Fri, 5 Aug 2022 1:04 pm IST
अब प्लास्टिक वापस लेने में नहीं चलेगी फैक्टरियों की बहानेबाजी
अब फैक्टरियां अंधाधुंध प्लास्टिक का प्रयोग नहीं कर सकेंगी। पीसीबी ने पोर्टल बनाकर फैक्टरियों को प्लास्टिक का उपयोग करने और वापस लेने के आंकड़े फीड करना अनिवार्य कर दिया है। अब फैक्टरियां जितनी मात्रा में प्लास्टिक का प्रयोग करेंगी उतनी ही मात्रा में उन्हें प्लास्टिक को वापस भी लेना होगा। इस प्रक्रिया पर पीसीबी नजर रखेगी। अगर कोई गड़बड़ी करता है तो उसके खिलाफ कार्रवाई की जाएगी। सिंगल यूज प्लास्टिक पर पूर्ण प्रतिबंध लगाने की दिशा में पीसीबी, नगर निकाय और प्रशासन सख्त कदम उठा रहा है। इसी क्रम में पीसीबी ने एक पोर्टल बना दिया है। इस पोर्टल के जरिये पीसीबी बाजार में प्लास्टिक भेजने वाली फैक्टरियों की मॉनीटरिंग कर रही है। अब उत्पाद बनाने, पैक करने आदि में प्लास्टिक का उपयोग करने वाली फैक्टरियों को पीसीबी के पोर्टल पर इसकी डिटेल देनी होगी।