Read in App


• Fri, 11 Jun 2021 11:41 am IST


विस अध्यक्ष बोल रहे झूठ, नहीं जारी हुआ टोल प्लाजा रद्द करने का आदेशः संघर्ष समिति


ऋषिकेश। नेपाली फार्म टोल प्लाजा के रद्द का आदेश जारी करने की मांग को लेकर सर्वदलीय संघर्ष समिति ने विधानसभा अध्यक्ष के खिलाफ प्रदर्शन किया। प्रदर्शनकारी नारेबाजी करते हुए विधानसभा अध्यक्ष के कार्यालय के घेराव के लिए आगे बढ़ने लगे। लेकिन पुलिस ने प्रदर्शनकारियों को आईडीपीएल फैक्टरी के पास रोक दिया। इस दौरान पुलिस और प्रदर्शनकारियों के बीच जमकर नोकझोंक हुई। इसके बाद गुस्साएं प्रदर्शकारी पुलिस बैरिकेड के पास ही धरने पर बैठ गए। पुलिस ने आपदा प्रबंधन अधिनियम के तहत 10 नामजद सहित 50 प्रदर्शनकारियों पर मुकदमा दर्ज किया है। सर्वदलीय संघर्ष समिति के कार्यकर्ता नीम करोली हनुमान मंदिर से नारेबाजी करते हुए विधानसभा अध्यक्ष प्रेमचंद अग्रवाल के कार्यालय की ओर कूच किया। उधर आईडीपीएल फैक्ट्री के पास पुलिस टीम पूरी तैयारी के साथ खड़ी थी। बैरिकेडिंग के बाद सड़क को संकरा करने के लिए डंपर भी लगाए थे। जब प्रदर्शनकारी बैरिकेड के पास पहुंचे तो पुलिस ने उनसे आगे न बढ़ने का अनुरोध किया। इस दौरान कुछ प्रदर्शनकारी बैरिकेड पर चढ़ने लगे। इस बीच पुलिस और प्रदर्शनकारियों के बीच बहस भी हुई। लेकिन पुलिस ने आंदोलनकारियों को आगे नहीं बढ़ने दिया। धरने को संबोधित करते हुए वक्ताओं ने कहा कि टोल प्लाजा के रद्द का अब तक कोई लिखित आदेश जारी नहीं हुआ है। एनएचएआई के अधिकारियों ने भी इसकी पुष्टि नहीं की है। केवल विधानसभा अध्यक्ष ही टोल प्लाजा न बनने का दावा कर रहे हैं। ऐसे में साफ है कि विधानसभा अध्यक्ष झूठ बोलकर जनता के साथ धोखा कर रहे हैं। वक्ताओं ने कहा कि विधानसभा अध्यक्ष के पास अपने दावे का कोई प्रमाण है तो दिखाए। उन्होंने कहा कि जब तक विधानसभा अध्यक्ष टोल प्लाजा रद्द होने का लिखित आदेश नहीं दिखाते तब तक आंदोलन जारी रहेगा।