Read in App

DevBhoomi Insider Desk
• Fri, 15 Sep 2023 3:26 pm IST


बनबसा की नेहा जोशी और कृष्णकांत राष्ट्रीय कराटे प्रतियोगिता में दिखाएंगे जौहर


बनबसा (चंपावत)। बनबसा निवासी नेहा जोशी और कृष्णकांत कौशल देहरादून में 20 से 24 सितंबर तक होने वाली राष्ट्रीय कराटे प्रतियोगिता में उत्तराखंड टीम का प्रतिनिधित्व करेंगे।चंपावत जिला खेल कार्यालय की ओर से बनबसा मिनी स्टेडियम में चल रहे कराटे प्रशिक्षण शिविर में राष्ट्रीय स्तर पर पदक जीत कर प्रदेश एवं क्षेत्र का नाम रोशन कर रहे हैं। अभी तक बनबसा क्षेत्र के 15 खिलाड़ी राष्ट्रीय स्तर पर जौहर दिखा चुके हैं।देहरादून में पांच से सात मई 2023 को आयोजित उत्तराखंड स्टेट कराटे चैंपियनशिप में बनबसा के कृष्णकांत कौशल ने कुमिते स्पर्धा में 50 किलो भार वर्ग में स्वर्ण पदक प्राप्त किया था। जबकि नेहा जोशी ने अंडर-21 आयु वर्ग 45 किलो भार कुमिते में स्वर्ण पदक प्राप्त किया था। जिनका राष्ट्रीय प्रतियोगिता के लिए चयन हुआ है। मिनी स्टेडियम के कराटे कोच और राष्ट्रीय रेफरी विजय रावत ने बताया कि इससे पूर्व बनबसा की पूजा महर का चयन गोवा में होने वाली राष्ट्रीय प्रतियोगिता 2023 के लिए चयन हुआ है। बनबसा के खिलाड़ी चंपावत जिले के साथ साथ पूरे उत्तराखंड प्रदेश को गौरवान्वित कर रहे हैं। क्षेत्र के खिलाडि़यों ने नेहा जोशी और कृष्णकांत के चयन पर खुशी जता उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की है।