बागेश्वर। उत्तराखंड में कटखने बंदरों से जनता परेशान है। बंदरों के आतंक से आम जनता रास्ता बदल दे रहे हैं। अब प्रशासन सख्ती दिखा रहा है और अब नगर के लोगों को कटखने बंदरों के आतंक से शीघ्र राहत मिलेगी।वन विभाग ने एक हजार बंदरों को पकड़ने का लक्ष्य साधा है। जिसके लिए मथुरा से टीम आ गई है। पहले दिन 32 बंदर पकड़ लिए गए हैं। उन्हें सुदूरवर्ती जंगलों में छोड़ा जाएगा। नगर में बंदरों का लंबे समय से आतंक बना हुआ था। वह खेती, सब्जी आदि को नुकसान पहुंचा रहे थे। वहीं, घर और दुकानों में घुसकर खाने वाली चीजों को भी ले जा रहे थे। छोटे बच्चे और बुजुर्गों को काटने लगे थे। लोग दहशत में थे।वन विभाग ने समस्या का समाधान करने की योजना बनाई। शनिवार से मथुरा से आई टीम बंदरों का पकड़ रही है। जगह-जगह पिंजरा लगाए गए हैं। आरओ श्याम सिंह करायत ने कहा कि एक हजार बंदर प्रथम चरण में पकड़े जाएंगे। जरूरत पड़ने पर टीम आगे भी अभियान चलाएगी।