Read in App

DevBhoomi Insider Desk
• Thu, 16 Jan 2025 4:36 pm IST

राजनीति

पिथौरागढ़ में भाजपा ने संकल्प पत्र किया जारी, इन बातों का दिया आश्वासन


भाजपा ने संकल्प पत्र जारी कर दिया है जिसमें नगर की स्वच्छता, सीवर लाइन, पार्किंग सुविधा के साथ ही महिलाओं के लिए पिंक टॉयलेट निर्माण प्रमुख रूप से शामिल किए हैं। हर वार्ड में एक ई-लाइब्रेरी और जन मिलन केंद्र का निर्माण करने का वादा भी किया है। भाजपा प्रदेश प्रवक्ता सुरेश जोशी ने बताया कि भाजपा के घोषणा पत्र में आम जन से जुड़ी हर योजना को जगह दी है।

- पिथौरागढ़ को इको-टूरिज्म हॉटस्पॉट के रूप में विकसित करने के लिए नगर वन विकसित करने के साथ ही हर वार्ड ग्रीन वार्ड के तहत सार्वजनिक पार्क, चिल्ड्रन पार्क और ओपन जिम बनाए जाएंगे।

- नगर निगम पिथौरागढ़ के अंतर्गत चंडाक पर्यटन क्षेत्र को विकसित करने के साथ ही झरने के तलहटी में लघु जलाशयों का निर्माण किया जाएगा।

- रई में एक आकर्षक सरोवर और पार्किंग सुविधाओं का निर्माण और क्षेत्र में नए पर्यटन स्थलों का विकास कर पर्यटन को बढ़ावा देने का काम किया जाएगा।

- नगर निगम क्षेत्र के सौंदर्यीकरण के लिए प्रमुख स्थानों को कुमाऊंनी पारंपरिक कलाकृतियों और वॉल पेंटिंग्स से सजाया जाएगा।

- नगर निगम क्षेत्र में योजनाबद्ध स्मार्ट पार्किंग सुविधाओं और भूमिगत पार्किंग स्थलों का निर्माण होगा।

- सार्वजनिक सुरक्षा और शहरी स्वच्छता सुनिश्चित करने के लिए नियमित निगरानी, अनुपालन को बढ़ावा देने के लिए जागरूकता अभियान चलेगा। महिलाओं के लिए पिंक टॉयलेट्स बनाए जाएंगे।

- नगर निगम क्षेत्र के प्रत्येक वार्ड में एक ई-लाइब्रेरी और जन मिलन केंद्र का निर्माण किया जाएगा।

- सभी नागरिकों और व्यवसायियों के लिए माई-सिटी सुविधा केंद्र, निगम कनेक्ट ऐप संचालित करेंगे। नागरिक-निर्देशित व्यवस्था के लिए प्रत्येक वार्ड में जन सुविधा समिति गठित की जाएगी।

- सभी विभागों में समन्वय सुनिश्चित कर तार एवं गड्ढा मुक्त सड़कों के लिए वेदर रेजिस्टेंट मेटेरियल के साथ सड़कों का निर्माण, भूमिगत केबलिंग प्रणाली और प्रत्येक वार्ड में सीवर लाइन का विकास किया जाएगा।

- नगर निगम क्षेत्र में सौर ऊर्जा से संचालित हाईटेक स्ट्रीट लाइट लगाई जाएंगी।

- नगर निगम क्षेत्र में सार्वजनिक सुरक्षा एवं सुगम यातायात के लिए सीसीटीवी कैमरे लगाए जाएंगे।

- हर घर स्वच्छ मिशन के तहत हर घर से कचरा उठान और प्रत्येक वार्ड में स्रोत पर शत प्रतिशत कचरे का पृथक्करण सुनिश्चित किया जाएगा।

- महिला चिकित्सालय के पास एक आकर्षक पार्क और उपयोगी दुकानों का निर्माण किया जाएगा।

 - केमू बस अड्डे के पास रैन बसेरा के पुनः निर्माण का प्रयास होगा।

- नागरिक हितैषी कर प्रणाली स्थापित करने के लिए नगर निगम के लगाए गए सभी करों और शुल्कों की समीक्षा करने के लिए एक समिति का गठन करेंगे।