बिकनी किलर और सर्पेंट जैसे नामों से जाना जाने वाला कुख्यात अपराधी चार्ल्स शोभराज को जल्द ही नेपाल में जेल से रिहा कर दिया जाएगा।
दरअसल, दो अमेरिकी पर्यटकों की हत्या और फर्जी पासपोर्ट के आरोप में सीरियल किलर चार्ल्स शोभराज 2003 से नेपाल की जेल में सजा काट रहा है। लेकिन अब नेपाल की सुप्रीम कोर्ट ने उसे उम्र के आधार पर जेल से रिहा करने का आदेश दिया है।
बता दें कि, शोभराज पर साल 1972 से 1982 के बीच भारत, थाईलैंड, नेपाल, तुर्की और ईरान में 20 हत्याएं करने का आरोप लगा है। भेष बदलने में माहिर शोभराज 1976 में भारत में पकड़ा गया था। उसे 12 साल की सजा भी सुनाई गई थी, लेकिन वह 1986 में तिहाड़ जेल से भाग निकला था। इसके बाद दो अमेरिकी पर्यटकों की हत्या के मामले में 2003 से नेपाल की सुप्रीम कोर्ट ने उसे सजा सुनाई थी।
बताया जा रहा है कि, 78 साल का चार्ल्स शोभराज कई शारीरिक समस्याओं का सामना कर रहा है। इसलिए उसे रिहा किया जा रहा है। नेपाल की जेल से रिहा होने के बाद 15 दिनों में उसे फ्रांस प्रत्यर्पित कर दिया जाएगा।