Read in App

DevBhoomi Insider Desk
• Mon, 3 Jul 2023 4:05 pm IST

ब्रेकिंग

बंगाल में पंचायत चुनाव से पहले हिंसा: 24 घंटे में चार घटनाएं, तीन लोगों की मौत


कोलकाता: पश्चिम बंगाल में आठ जुलाई को होने वाले पंचायत चुनाव से पहले हिंसा की घटनाएं लगातार सामने आ रही हैं। बीते 24 घंटे में कई इलाकों में गोलीबारी और विस्फोट में तीन लोगों की जान चली गई।

24 परगना में टीएमसी प्रत्‍याशी के पिता की हत्या कर दी गई। मुर्शिदाबाद जिले में कांग्रेस कार्यकर्ता को गोली मारी गई तो वहीं, 24 परगना में ही क्रूड बम विस्फोट में एक व्यक्ति की मौत हो गई। हालांकि, इस घटना के बारे में अभी अधिक जानकारी सामने नहीं आई है। पुरुलिया में बीजेपी नेता का शव पाया गया है। बता दें कि पंचायत चुनाव के लिए नामांकन शुरू होने के बाद यानी 9 जून के बाद अब तक हिंसक घटनाओं में 10 लोग मारे गए हैं।

24 घंटे में चार हिंसक घटनाएं

टीएमसी प्रत्‍याशी के पिता की हत्या: पुलिस अधिकारी ने बताया कि 52 वर्षीय टीएमसी कार्यकर्ता जियारुल मोल्ला की शनिवार को फुलमलंचा इलाके में गोली मारकर हत्या कर दी गई। वह कथलबेरिया ग्राम पंचायत में टीएमसी प्रत्‍याशी मनवारा के पिता थे। बेटी मनवारा ने कहा कि विरोधी दलों से हमें लगातार धमकियां मिल रही थीं, इस बारे में पुलिस से शिकायत की थी।

भाजपा नेता का शव मिला: पुलिस को सोमवार को पुरुलिया जिले के बोडो इलाके से बंकिम हांसदा नाम के भाजपा नेता का शव मिला है।

कांग्रेस कार्यकर्ता को गोली मारी: मुर्शिदाबाद जिले के समसेरगंज में रविवार रात कांग्रेस कार्यकर्ता आरिफ शेख को अज्ञात लोगों ने गोली मार दी। वह गंभीर रूप से घायल हैं। घटना के बाद कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने समसेरगंज में सड़कों पर प्रदर्शन शुरू कर दिया। कांग्रेस नेता बी शेख ने आरोप लगाया कि घटना के पीछे तृणमूल का हाथ है। तृणमूल ने इससे इनकार किया है।

क्रूड बम बनाने के दौरान विस्फोट: नॉर्थ 24 परगना जिले के हरोआ इलाके में रविवार रात क्रूड बम बनाने के दौरान विस्फोट हो गया। पुलिस ने बताया कि एक व्यक्ति की मौत हो गई और एक गंभीर रूप से घायल है।