Read in App

DevBhoomi Insider Desk
• Fri, 28 Oct 2022 11:30 am IST


शिमला बाईपास रोड पर दर्दनाक हादसा, छह साल के बच्चे को ट्रक ने रौंदा


देहरादून : देहरादून में थाना क्षेत्र सहसपुर अंतर्गत शिमला बाईपास रोड पर शेरपुर पेट्रोल पंप के निकट मोड़ पर हुए सड़क हादसे में छह वर्षीय बच्चे की मौत हो गई। वह अपने दादा और बड़ी बहन के साथ बाइक पर सवार होकर घर लौट रहा था। हादसे में दादा और बहन भी घायल हो गए, जिनका उपचार एक निजी अस्पताल में चल रहा है। पुलिस ने शव को मोर्चरी में रखवा दिया है। जानकारी के अनुसार राजेंद्र कश्यप (60) निवासी ग्राम माजरी थाना सहसपुर किसी काम से शेरपुर गए हुए थे। बृहस्पतिवार की शाम वे बाइक से घर लौट रहे थे। उनके साथ छह वर्षीय पोता ऋतिक और नौ वर्षीय पोती सृष्टि भी थे। शेरपुर पेट्रोल पंप के समीप राजेंद्र आगे चल रही कार को ओवरटेक कर रहे थे।इस दौरान कार ने बाइक को चपटे में ले लिया, जिससे बाइक अनियंत्रित हो गई। राजेंद्र और पोती सृष्टि एक ओर और पोता ऋतिक दूसरी ओर छिटक कर सड़क पर जा गिरे। इस दौरान सामने से आ रहे ट्रक ने ऋतिक को रौंद दिया। मौके पर ही ऋतिक की मौत हो गई।