Read in App

DevBhoomi Insider Desk
• Sun, 20 Nov 2022 4:26 pm IST

ब्रेकिंग

CM योगी ने 1354 नर्स को दिया ज्‍वाइनिंग लेटर, डिप्‍टी CM ने किया 10 हजार ANM की भर्ती का ऐलान


लखनऊ: उत्‍तर प्रदेश के मुख्‍यमंत्री योगी आदित्‍यनाथ ने रविवार को लोकभवन में सभी 75 जनपदों के चयनित 1354 स्टाफ नर्स को नियुक्ति पत्र वितरण किया। इस दौरान सीएम के हाथों से नियुक्ति पत्र पाकर छात्राएं काफी खुश नजर आईं।

अपने संबोधन में मुख्‍यमंत्री योगी ने कहा कि नर्स स्‍वास्‍थ्‍य व्यवस्था की रीढ़ होती हैं। हॉस्पिटल में मरीज के साथ सबसे अधिक समय नर्स बिताती हैं। मरीज की बीमारी को सिर्फ दवाएं ही नहीं, बल्कि नर्सों का व्यवहार भी दूर करता है। इसलिए नर्सों का व्यवहार ऐसा होना चाहिए कि पेशेंट अपनी बीमारी भूल जाए। इससे हॉस्पिटल के माहौल को भी सकारात्मक बनाने में मदद मिलती है।


10 हजार ANM पदों पर भर्ती का ऐलान

इस दौरान उप मुख्‍यमंत्री बृजेश पाठक ने कहा कि स्टाफ नर्स के बिना चिकित्‍सा के क्षेत्र में कुछ भी संभव नहीं है। वरिष्‍ठ डॉक्टर आते हैं और मरीज को देखकर सोने चले जाते हैं। साथ ही सारी जिम्‍मेदारी स्टाफ नर्स के ऊपर छोड़कर जाते हैं। उन्होंने कहा कि मेरिट में इस बार किसी भी तरह की हेरा-फेरी नहीं हुई है। इस दौरान डिप्‍टी सीएम ने जल्द ही प्रदेश में 10 हजार ANM पदों पर भर्ती करने की घोषणा की।


अक्टूबर 2021 को हुई थी परीक्षा

स्टाफ नर्स/सिस्टर ग्रेड-2 भर्ती परीक्षा का आयोजन उत्तर प्रदेश लोक सेवा आयोग ने 03 अक्‍टूबर, 2021 को किया था। परीक्षा प्रदेश के पांच शहरों लखनऊ, प्रयागराज, गाजियाबाद, मेरठ और गोरखपुर में सुबह 11 बजे से लेकर दोपहर एक बजे तक एक पाली में ही आयोजित की गई थी। इस एग्‍जाम में कुल 83,564 अभ्‍यर्थियों ने हिस्‍सा लिया था। 24 अगस्त, 2022 को संशोधित परिणाम जारी किया गया था, जिसमें 1354 उम्‍मीदवार चयनित हुए थे।