Read in App

DevBhoomi Insider Desk
• Wed, 2 Feb 2022 7:00 am IST


परिसंपत्ति बंटवारे का पैसा नहीं मिलने से रोडवेज कर्मचारी खफा


देहरादून। उत्तरांचल रोडवेज कर्मचारी यूनियन ने यूपी से परिसंपत्तियों के बंटवारे का पैसा नहीं मिलने पर नाराजगी जताई है। यूनियन ने सरकार से जल्द परिसंपत्तियों का पैसा लेने की मांग की है। प्रदेश महामंत्री अशोक चौधरी ने बताया कि यूपी के पास 50 हजार करोड़ रुपए की परिसंपत्ति हैं, जिसमें 13 फ़ीसदी हिस्सा उत्तराखंड का है। इस हिसाब से उत्तराखंड को 700 करोड़ से ज्यादा मिलना चाहिए, लेकिन दोनों राज्यों की सरकारों ने दो माह पहले 205 करोड़ में समझौता किया है, लेकिन यह पैसा भी अभी तक नहीं मिल पाया है, जिससे कर्मचारियों में रोष व्याप्त है। रोडवेज आर्थिक संकट से जूझ रहा है। कर्मचारियों को समय पर वेतन नहीं मिल पा रहा है। अभी तक दिसंबर महीने का वेतन नहीं मिल पाया। कहा कि यदि यूपी परिसंपत्तियों का पैसा देता है तो कुछ हद तक आर्थिक संकट दूर हो सकता है। कहा कि जब तक यूपी से परिसंपत्तियों का 700 करोड़ रुपये नहीं लिया जाता तब तक यूनियन संघर्ष जारी रखेगी।