मध्य से उच्च हिमालय तक तीन दिन बाद धूप खिलने से सीमांतवासियों को राहत मिली है। बारिश और हिमपात के चलते तापमान में आई गिरावट के बीच दिन में खिली धूप का लोगों ने आनंद उठाया।
दो दिन मौसम खराब रहने के बाद गुरुवार को धूप खिली। जिससे जनपदवासियों को राहत मिली और आम जनजीवन पटरी पर लौटा। बुधवार रात तक उच्च हिमालय में हिमपात हुआ है। धारचूला की व्यास घाटी में कैलास मानसरोवर यात्रा मार्ग में अंतिम भारतीय पड़ाव नावीढांग में पांच फीट बर्फ गिरी, कालापानी में तीन फीट, गुंजी, नाबी, रोगकोंग में दो से ढाई फीट, अंतिम भारतीय गांव कुटी में चार फीट से अधिक तथा आदि कैलास क्षेत्र के ज्योलिगकोंग में पांच फीट से अधिक हिमपात हुआ है। दारमा घाटी में भी दो से लेकर पांच फीट से अधिक हिमपात हुआ है।