Read in App

DevBhoomi Insider Desk
• Sun, 19 Jun 2022 10:30 am IST


Economic Survey 2021-22: सुधार की ओर उत्तराखंड की आर्थिक अर्थव्यवस्था


उत्तराखंड की अर्थव्यवस्था कोरोनाकाल के दुष्चक्र से बाहर निकल चुकी है। शुक्रवार को विधानसभा के पटल पर रखी गई राज्य सरकार की आर्थिक सर्वेक्षण 2021-22 की रिपोर्ट से यह खुलासा हो रहा है। रिपोर्ट के आंकड़े बता रहे हैं कि राज्य की अर्थव्यवस्था पटरी पर और तेजी से सुधार की ओर है।



रिपोर्ट के मुताबिक 2020-21 में कोविड के सबसे बुरे दौर में राज्य की आर्थिक विकास दर शून्य से नीचे -4.42 फीसदी गिर चुकी थी, 2021-22 में वह न सिर्फ धनात्मक हुई, बल्कि अब उसके 6.13 प्रतिशत तक पहुंचने का अनुमान लगाया गया है। यह भारतीय अर्थव्यवस्था की संभावित विकास दर 9.2 प्रतिशत से कम है।


प्रचलित भाव पर सकल राज्य घरेलू उत्पाद में पिछले वर्ष से 8.17 प्रतिशत की वृद्धि का अनुमान है। जबकि स्थिर भाव पर 6.13 प्रतिशत वृद्धि होने का अंदाजा है। राज्य गठन के बाद से पहली बार किसी वर्ष (2020-21) में सकल राज्य घरेलू उत्पाद में गिरावट दिखी है। 2020-21 में प्रचलित भाव पर यह 234660 करोड़ था, जिसके 2021-22 में बढ़कर 253832 करोड़ होने का अनुमान है।