Read in App

DevBhoomi Insider Desk
• Mon, 11 Apr 2022 1:48 pm IST


कांग्रेस-भाजपा दोनों ही दलों ने गढ़वाल को कर दिया ‘किनारे’


उत्तराखंड की राजनीति में पहले भाजपा ने गढ़वाल से बड़े नेताओं की मुख्यधारा से छुट्टी की और अब कांग्रेस ने भी उसी तरफ कदम बढ़ाते हुए प्रदेश अध्यक्ष और नेता प्रतिपक्ष की बागडोर कुमाऊं के नेताओं को सौंप दी। राज्य गठन के बाद दोनों दलों में ऐसा पहली बार हुआ, जब गढ़वाल से फिलहाल दोनों दलों ने ही किनारा किया।
गढ़वाल के  नेताओं की उत्तराखंड की राजनीति में शुरूआत से अच्छी-खासी धमक रही है। पूर्व मुख्यमंत्री बीसी खंडूड़ी, डा. रमेश पोखरियाल निशंक, विजय बहुगुणा, त्रिवेंद्र रावत और तीरथ रावत इसके उदाहरण भी है, लेकिन इस बार ऐसे पुराने चेहरों के साथ ही नए नेताओं की मुख्यधारा से दूरी हो चुकी है।    भाजपा की तरफ से सबसे पहले केंद्र में शिक्षा मंत्री रहे डा. रमेश पोखरियाल निशंक से जुलाई, 21 में  इसकी शुरूआत हुई। तब प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी कैबिनेट में हुए फेरबदल में निशंक के स्थान पर नैनीताल-ऊधमसिंहनगर के सांसद अजय भट्ट को केंद्रीय राज्यमंत्री के रूप में जगह दी गई।इसी माह राज्य के मुख्यमंत्री रहे तीरथ रावत की भी कुर्सी हिली और उनके स्थान पर खटीमा से विधायक रहे पुष्कर धामी को नई जिम्मेदारी सौंपी गई। वहीं, भाजपा प्रदेश अध्यक्ष के रूप में हरिद्वार विधायक मदन कौशिक की ताजपोशी की गई। इसी साल फरवरी माह में हुए विधानसभा चुनाव में भाजपा को 47 सीटें मिली थी। इनमें 29 सीटें गढ़वाल मंडल से मिली थी। तब माना जा रहा था कि उत्तराखंड के बड़े नेताओं की अहम जिम्मेदारी मिल सकती है, लेकिन यह बाजी भी फिसल गई।भाजपा हाईकमान ने धामी पर अपना भरोसा कायम रखते हुए दोबारा मुख्यमंत्री के रूप में उन्हें कमान सौंपी। गढ़वाल मंडल से अगर हरिद्वार जिले को छोड़ दें तो भाजपा को देहरादून, पौड़ी, रुद्रप्रयाग, चमोली, टिहरी और उत्तरकाशी से 26 सीटों पर जीत दर्ज की थी। इसके बावजूद संगठन में प्रदेश अध्यक्ष की अहम जिम्मेदारी तक इन जिलों के बड़े नेताओं को नहीं मिल पाई।