Read in App


• Sat, 17 Jul 2021 4:00 pm IST


सीमांत जिला पिथौरागढ़ में धूमधाम से मना हरेला पर्व


कुमाऊं की सांस्कृतिक विरासत हरेला पर्व शुक्रवार को जिले भर में धूमधाम से मनाया गया। कृषि पर्व से जुड़े इस पर्व पर घरों में पूजा अर्चना के साथ हरेला धारण किया गया। श्रावण के पहले दिन मनाया जाने वाला यह पर्व कृषि से जुड़ा है। पवित्र श्रावण मास शुरू होने से नौ रोज पूर्व कुमाऊं क्षेत्र के लोग घरों में विभिन्न अनाजों का रोपण करते हैं। हरेला के रोज बोए गए अनाज की पूजा अर्चना के साथ इनकी पत्तियों को शिरोधार्य किया जाता है। शुक्रवार को सीमांत जिले में यह पर्व धूमधाम से मनाया गया। लोगों ने ब्रहम मुहुर्त में घाटों में स्नान कर मंदिरों में जलाभिषेक किया। घरों में विधि विधान से पूजा अर्चना की गई। बहन- बेटियों ने परिवार के सदस्यों के सिरों में हरेला रखा। हरेला पर्व पर घरों में विशेष पकवान बनाए गए। परिवार के सदस्यों के साथ लोगों ने सामूहिक रू प से पकवानों का आनंद लिया। कई ग्रामीण क्षेत्रों में धान की रोपाई भी आज से शुरू की गई। लोगों ने अपने घर, आंगन में पौधे लगाए। जिला मुख्यालय सहित गंगोलीहाट, बेरीनाग, थल, डीडीहाट, धारचूला, मुनस्यारी आदि क्षेत्रों में भी हरेला पर्व धूमधाम के साथ मनाया गया।