मुंबई में भाजपा महिला नेता सुल्ताना खान पर हमले की खबर सामने आ रही है। यह हमला रविवार रात करीब 11 बजे हुआ। पुलिस अधिकारियों ने बताया, सुल्ताना खान पर धारदार हथियार से हमला किया गया।
हमलावरों के बारे में अभी तक कोई जानकारी नहीं जुटाई जा सकी है। बताया जा रहा है कि, सुल्ताना खान भाजपा के अल्पसंख्यक मोर्चे की महिला प्रदेश अध्यक्ष हैं। वो रविवार रात अपने पति के साथ डॉक्टर के यहां जा रहीं थीं। तभी मीरा रोड के पास 2 बाइकसवारों ने उनकी गाड़ी रोक ली। और सुल्ताना खान पर हमला बोल दिया। इस दौरान पति ने हमलावरों का विरोध किया, और गाली-गलौज भी हुई।
इधर शोर मचाने पर वहां पर भीड़ इकट्ठा हो गई। और सुल्ताना खान को अस्पताल में भर्ती कराया गया। हालांकि, सुल्ताना के पति ने शक जाहिर किया है कि इस हमले के पीछे पार्टी के कुछ कार्यकर्ता भी हो सकते हैं। दरअसल, सुल्ताना ने कुछ दिन पहले ही लिखित रूप से पार्टी के आला अधिकारियों से शिकायत की थी। फिलहाल पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है।