बॉलीवुड की जानी मानी जोड़ी सैफ और करीना अपने बेटे के नाम को लेकर एक बार फिर सुर्खियों में आ गए हैं। आपको बता दें की नाम को लेकर मचा यह घमासान नया नही है, इससे पहले भी यह जोड़ी अपने पहले बेटे तैमूर के नाम पर ट्रोल की गई थी। इस बार भी हाल कुछ ऐसा ही है। जी हां, तैमूर के बाद अब करीना कपूर खान और उनके पति सैफ अली खान अपने छोटे बेटे जहांगीर के नाम पर फैंस के निशाने पर आ गए हैं। सोशल मीडिया पर यूजर्स इस बॉलीवुड जोड़ी के नाम रखने के अंदाज से कुछ खुश नही दिखाई दे रहे हैं। गौरतलब है की तैमूर और जहांगीर दोनो ही नाम लोगों के जहन में इतिहास से जुड़ी एक कड़वी याद ताजा करते हैं, यही कारण हैं की बेबो के अपने दोनों बेटों के लिए इस तरह के नाम चुनना उनके फैंस को भाया नही। हाल यह है की फैंस के गुस्से की सीमा यहां तक पहुंच गई है की उन्होने करीना को अपने तीसरे बेटे का नाम औरंगजेन या बाबर रखने तक की नसीहत दे डाली है।