Read in App

DevBhoomi Insider Desk
• Sat, 14 Jan 2023 7:30 am IST


यह कैसी सर्दी! सर्दियों में बढ़ रहा पहाड़ों का तापमान, एक्सपर्ट भी हो रहे हैरान


देश के उत्तरी राज्यों में एक ओर जहां कड़ाके की ठंड पड़ रही है तो दूसरी ओर, पर्वतयी इलाकों में तापमान में लगातार इजाफा हो रहा है। सर्दियों के मौसम में भी पहाड़ों का अधिकतम तापमान हर साल बढ़ रहा है। सर्दियों की बारिश और बर्फबारी से जलवायु परिवर्तन का मामला सामने आने से एक्सपर्ट भी चिंतित हैं। इससे काफी हद तक मौसम चक्र प्रभावित भी हुआ है।  

नैनीताल में ही पिछले कुछ साल में तापमान में लगातार वृद्धि दर्ज की गई है जबकि बारिश और बर्फबारी में कमी आ रही है। मौसम विज्ञानी भी इस बात को लेकर चिंतित हैं और इसका मुख्य कारण ग्लोबल वॉर्मिंग बता रहे हैं। आर्य भट्ट प्रेक्षण विज्ञान एवं शोध संस्थान (एरीज) के वायुमंडलीय वैज्ञानिकों के अनुसार सर्दियों में भूमध्य सागर से उठने वाले चक्रवाती प्रवाह के साथ ही निचले वायुमंडल की गतिकी भी बारिश एवं बर्फबारी के लिए महत्वपूर्ण होती है।

लेकिन पिछले कुछ सालों से पश्चिमी विक्षोभ के सक्रिय होने के बावजूद बारिश व बर्फबारी में कमी आई है। जलवायु परिवर्तन के चलते निचले वायुमंडल की गतिकी प्रभावित होने पर यह स्थितियां बन रही हैं। तापमान में भी वृद्धि हो रही है। सामान्य तौर पर नैनीताल में हर वर्ष दिसंबर आखिरी सप्ताह से जनवरी पहले सप्ताह के बीच बर्फबारी अवश्य होती है, लेकिन इस बार अब तक ऐसा नहीं हुआ है।