गंगोलीहाट (पिथौरागढ़)। कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने नीट और नेट पेपर लीक मामले में मुख्य चौराहे पर केंद्र सरकार का पुतला फूंका। बाद में उन्होंने उप जिलाधिकारी के माध्यम से राष्ट्रपति को ज्ञापन भेज सरकार को बर्खास्त करने की मांग की।
कांग्रेस ब्लॉक अध्यक्ष वीरेंद्र सिंह महरा के नेतृत्व में कार्यकर्ता मुख्य चौराहे पर एकत्र हुए और केंद्र सरकार के खिलाफ नारेबाजी की। उनका कहना है कि केंद्र की मोदी सरकार भ्रष्टाचार खत्म करने में नाकाम रही है। पेपर लीक मामले में प्रधानमंत्री ने मौन धारण किया है और शिक्षा मंत्री भ्रामक बयान दे रहे हैं। कहा कि मोदी सरकार के पिछले दो कार्यकाल में भी पूरे देश में अनेक बार पेपर लीक के मामले प्रकाश में आए हैं। इससे साफ जाहिर होता है कि सरकार भ्रष्टाचार को बढ़ावा दे रही है। पुतला फूंकने वालों में नगर अध्यक्ष नारायण सिंह बोहरा, जिला महामंत्री मोहन बोहरा, सीपीआई (एमएल) के भगवती पंत, हयात सिंह बोरा, मनोज टम्टा, विक्की गंगोला, पुष्कर खाती, ललित बिष्ट आदि कार्यकर्ता मौजूद रहे।