तीर्थ नगरी आसपास क्षेत्र में कोरोना संक्रमण के मामले बढ़ते जा रहे हैं। गुरुवार को भारतीय जनता पार्टी की प्रदेश उपाध्यक्ष कुसुम कंडवाल की कोरोना रिपोर्ट पॉजिटिव आई है। उन्हें होम आइसोलेशन पर रखा गया है। गुरुवार को ऋषिकेश सहित आसपास क्षेत्र में कुल 88 व्यक्तियों की कोरोना रिपोर्ट पॉजिटिव आई है। राजकीय चिकित्सालय में आरटी पीसीआर और एंटीजन टेस्ट किए जा रहे हैं।
चिकित्सालय के हेल्थ सुपरवाइजर एसएस यादव ने बताया कि भाजपा नेत्री कुसुम कंडवाल ने बीते बुधवार को आरटी पीसीआर जांच कराई थी। गुरुवार को उनकी रिपोर्ट पॉजिटिव आई है। उन्हें होम आइसोलेशन पर रखा गया है। कुसुम कंडवाल ने बताया कि उन्हें चार दिन पूर्व हल्के बुखार की शिकायत थी। जिसके बाद वह स्वयं घर मे क्वारंटाइन हो गई थी, उनका स्वास्थ्य स्थिर है। हेल्थ सुपरवाइजर के मुताबिक गुरुवार को यहां 90 एंटीजन टेस्ट किए गए। जिनमें दो व्यक्तियों की रिपोर्ट पॉजिटिव आई है।