Read in App

DevBhoomi Insider Desk
• Sat, 23 Apr 2022 7:00 am IST


अकीदत के साथ अदा की गई रमजान के तीसरे जुमा की नमाज


रुड़की: रमजान के तीसरे जुमा की नमाज शहर और आसपास के ग्रामीण क्षेत्रों में अकीदत तथा शांतिपूर्ण ढंग से अदा की गई। इस मौके पर देश व प्रदेश की तरक्की, खुशहाली और कौम की उन्नति की दुआ की गई।

शुक्रवार को नगर की मुख्य जामा मस्जिद में मुफ्ती मोहम्मद सलीम ने जुमा की नमाज अदा कराई। नमाज अदा करने से पहले मदरसा रहमानिया के मौलाना अजहरूल हक ने तकरीर में रमजान की विशेषताओं पर प्रकाश डाला। उन्होंने बताया कि रमजान में दुनिया भर के मुसलमान पूरे महीने का रोजा रखते हैं। रोजा सिर्फ इबादत और अल्लाह को खुश करने का तरीका भर नहीं है, बल्कि यह इंसान को सही मायने में इंसानियत के ढांचे में ढाल देता है। रोजा एक-दूसरे के दुख-दर्द को समझने तथा मदद करने के लिए प्रेरित करता है। कारी शमीम अहमद, मौलाना नसीम अहमद कासमी, कारी एहतसाम तथा मौलाना अरशद कासमी ने कहा कि मुसलमानों को यह हुक्म दिया गया है कि यदि इस महीने में अपने माल की जकात गरीबों में दोगे तो गरीब का भी पेट भर जाएगा और वह भूखा नहीं रहेगा।