Read in App

DevBhoomi Insider Desk
• Thu, 3 Mar 2022 9:00 am IST


ऊर्जा निगम कार्यालय के बाहर किसानों का धरना


रुड़की: बिजली से जुड़ी समस्याओं को लेकर भारतीय किसान यूनियन रोड गुट ने बुधवार को अधिशासी अभियंता शहरी और देहात क्षेत्र के दफ्तर का घेराव किया। साथ ही चेताया कि यदि किसानों के कनेक्शन काटे गए तो इसके गंभीर परिणाम होंगे। किसान नेताओं ने ऊर्जा निगम की टीमों को बंधक बनाने की भी चेतावनी दी।

बुधवार को भारतीय किसान यूनियन रोड गुट के प्रदेश अध्यक्ष पद्म सिंह रोड के नेतृत्व में किसानों ने प्रशासनिक भवन में एकत्र होकर पंचायत की। इस मौके पर प्रदेश अध्यक्ष पद्म सिंह रोड ने कहा कि आचार संहिता लगने के बाद से ऊर्जा निगम लगातार किसानों का उत्पीड़न कर रहा है। किसानों को गलत बिजली के बिल भेजे जा रहे हैं। बकाया बिल के नाम पर उनके कनेक्शन काट दिए जा रहे हैं। बिजली चोरी का आरोप लगाते हुए किसानों के खिलाफ मुकदमे दर्ज किए जा रहे हैं। ऊर्जा निगम किसानों को अपराधी बनाने का काम कर रहा है, जिसे किसी भी सूरत में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। जिला अध्यक्ष नाजिम अली ने कहा कि ऊर्जा निगम के खिलाफ देहात क्षेत्र में आक्रोश लगातार पनप रहा है। शोषण बंद नहीं होने पर ऊर्जा निगम की टीम को बंधक बनाया जाएगा। इसके बाद किसान जुलूस की शक्ल में नारेबाजी करते हुए अधिशासी अभियंता नंदिता अग्रवाल और अधिशासी अभियंता देहात अमित आनंद के कार्यालय पहुंचे। दफ्तरों के बाहर किसानों ने धरना शुरू कर दिया। किसानों ने कहा कि बिजली बिल के बकाया के नाम पर उनके कनेक्शनों को काटना बंद किया जाए। बिजली के कनेक्शन काटने से किसानों की फसल सूख रही है। दोनों अधिकारियों ने बताया कि किसानों को किस्तों में बकाया भुगतान करने की छूट दी गई है। 31 मार्च तक सरचार्ज माफी योजना चल रही है। इसलिए सभी किसान अपना बिजली बिल समय से जमा कर दें। इस मौके पर जिला उपाध्यक्ष मुबारक अली, प्रदीप त्यागी, रामदास, जितेंद्र सिंह, शहीद अहमद, इसरार अहमद आदि मौजूद रहे।