Read in App

DevBhoomi Insider Desk
• Thu, 20 Jan 2022 11:52 am IST


किसान-मजदूर विरोधी है भाजपा का डीएनए: यशपाल आर्य


हल्द्वानी। पूर्व मंत्री और कांग्रेस के पूर्व प्रदेश अध्यक्ष यशपाल आर्य ने मोदी के नेतृत्व वाली भाजपा सरकार को किसान और मजदूर विरोधी बताते हुए कहा कि भाजपा का डीएनए किसान और मजदूर विरोधी है। उनका कहना है कि भाजपा सरकार सात सौ से अधिक किसानों की मौत की जिम्मेदार है। पांच साल के शासन में महंगाई, बेरोजगारी, भ्रष्टाचार भाजपा की देन रही। इस सबके खिलाफ इस बार जनता वोट करेगी और भाजपा के कुशासन से मुक्ति मिलेगी। स्वराज आश्रम में पत्रकारों से बातचीत में यशपाल ने कहा कि खाद, बीज, उपकरण का खर्च तक किसान नहीं निकाल पा रहा है। कर्ज में डूबा किसान आत्महत्या के लिए मजबूर है। किसान, मजदूर, व्यापारी, मातृशक्ति, युवा सभी वर्ग भाजपा के कुशासन से त्रस्त हैं। महंगाई सातवें आसमान पर है। बेरोजगारी से त्रस्त युवा कुंठित है। भ्रष्टाचार का बोलबाला है। कांग्रेस अपने घोषणा पत्र में इन सभी वर्गों का ध्यान रखते हुए प्रतिज्ञा पत्र भी लाएगी। सत्ता में आने पर प्रतिज्ञा पत्र में किए गए वादे हर हाल में पूरे किए जाएंगे।