नई दिल्ली: श्रीकृष्ण जन्माष्टमी के अवसर पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने शुक्रवार को गोवा में जल जीवन मिशन के तहत 'हर घर जल उत्सव' कार्यक्रम को संबोधित किया। इसकी शुरुआत उन्होंने देश की जनता को जन्माष्टमी की शुभकामनाएं देते हुए की। पीएम मोदी ने कहा कि आज एक बहुत महत्वपूर्ण और पवित्र दिवस है। देशभर में श्रीकृष्ण जन्माष्टमी की धूम है। दुनियाभर में फैले भगवान श्रीकृष्ण के सभी भक्तों को बहुत-बहुत बधाई।
हर घर जल सर्टिफाई देश का पहला राज्य बना गोवा
प्रधानमंत्री मोदी ने कहा, अमृत काल में
भारत जिन विशाल लक्ष्यों पर काम कर रहा है, उससे जुड़े 3 अहम
पड़ाव हमने आज पार किए हैं। 1- आज देश के 10 करोड़ ग्रामीण परिवार पाइप द्वारा
स्वच्छ जल की सुविधा से जुड़ चुके हैं। ये हर घर जल पहुंचाने की सरकार की बहुत
बड़ी सफलता है। ये सबका प्रयास का बेहतरीन उदाहरण भी है। देश ने और विशेषकर गोवा
ने आज एक उपलब्धि हासिल की है। आज गोवा देश का पहला राज्य बना है, जिसे हर घर जल
सर्टिफाई किया गया है। दादरा नगर हवेली एवं दमन और दीव भी, हर घर जल
सर्टिफाइड केंद्र शासित राज्य बन गए हैं। उन्होंने
कहा कि देश की तीसरी उपलब्धि स्वच्छ भारत अभियान से जुड़ी है। कुछ
साल पहले सभी देशवासियों के प्रयासों से, देश खुले में शौच
से मुक्त घोषित हुआ था। इसके बाद हमने संकल्प लिया था कि गांवों को ODF प्लस बनाएंगे।
इसको लेकर भी देश ने अहम माइलस्टोन हासिल किया है। अब देश के अलग-अलग राज्यों के
एक लाख से ज्यादा गांव ODF प्लस हो चुके हैं।
पीएम मोदी ने कहा कि आज दुनिया की बड़ी-बड़ी संस्थाएं कह
रही हैं कि 21वीं सदी की सबसे बड़ी चुनौती water security की होगी। पानी का
अभाव विकसित भारत के संकल्प की सिद्धि में भी अवरोध बन सकता है। इस बड़ी चुनौती से
निपटने के लिए सेवाभाव, कर्तव्यभाव से 24 घंटे काम करने की जरूरत है। हमारी
सरकार बीते 8 साल से इसी भावना के साथ water security के लिए काम कर
रही है। सरकार बनाने के लिए उतनी मेहनत नहीं करनी पड़ती, लेकिन देश बनाने
के लिए कड़ी मेहनत करनी होती है। हम सभी ने देश बनाने का रास्ता चुना है, इसलिए देश की
वर्तमान और भविष्य की चुनौतियों का लगातार समाधान कर रहे हैं।
7 करोड़ ग्रामीण परिवारों को पाइप के पानी की सुविधा से
जोड़ा
प्रधानमंत्री ने कहा कि भारत में अब रामसर साइट्स यानि wetlands की संख्या भी
बढ़कर 75 हो गई है। इनमें से भी 50 साइट्स पिछले 8 वर्षों में ही जोड़ी गई हैं। यानि
water security के लिए भारत चौतरफा प्रयास कर रहा है और इसके हर दिशा में
नतीजे भी मिल रहे हैं। सिर्फ 3 साल के भीतर जल जीवन मिशन के तहत 7 करोड़ ग्रामीण
परिवारों को पाइप के पानी की सुविधा से जोड़ा गया है। ये कोई सामान्य उपलब्धि नहीं
है।
उन्होंने कहा कि आजादी के 7 दशकों में देश के सिर्फ तीन
करोड़ ग्रामीण परिवारों के पास ही पाइप से पानी की सुविधा उपलब्ध थी। नई सरकार
बनने के बाद हमने अलग जल शक्ति मंत्रालय बनाया। इस अभियान पर तीन लाख 60 हजार
करोड़ रुपये खर्च किए जा रहे हैं। 100 साल की सबसे बड़ी महामारी की वजह से
रुकावटें आईं, लेकिन इसके बावजूद इस अभियान की गति कम नहीं हुई। सात
दशकों में जितना काम हुआ था, उससे दोगुने से ज्यादा काम देश ने तीन साल में
करके दिखाया है।
जल जीवन मिशन के सफल बनाने के चार मजबूत स्तंभ
विपक्ष पर निशाना साधते हुए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कहा
कि जिन्हें देश की परवाह नहीं होती, वह देश के लिए
कुछ नहीं करते हैं। कुछ लोग केवल बड़ी-बड़ी बातें करते हैं। देश बनाने के लिए कड़ी
मेहनत करनी पड़ती है। उन्होंने कहा कि जल जीवन मिशन आज इतना सफल हो पाया है, इसकी वजह उसके चार मजबूत स्तंभ हैं। पहला- जनभागीदारी (People’s Participation), दूसरा- साझेदारी, हर स्टेक होल्डर की पार्टनरशिप, तीसरा- राजनीतिक इच्छाशक्ति (Political Will) और चौथा- संसाधनों का
पूरा इस्तेमाल (Optimum utilisation of
Resources).