Read in App

DevBhoomi Insider Desk
• Wed, 17 May 2023 3:40 pm IST


रिक्शा चालक की बेटी ने 12वीं में हासिल किये 92 फीसदी अंक, 2.5km पैदल चलकर जाती थी स्कूल


केंद्रीय माध्यमिक शिक्षा बोर्ड (CBSE) ने बीते शुक्रवार को 10वीं (मैट्रिक) और 12वीं (इंटर) के बोर्ड परीक्षाओं के रिजल्ट जारी कर दिए। इस साल 10वीं में 93.12% और 12वीं में 87.33% छात्र पास हुए हैं। रिजल्ट जारी होने के बाद अब बच्चों की कामयाबी और उसके पीछे की गई मेहनत और संघर्ष के किस्से सामने आ रहे हैं। नोएडा की अकांक्षा कुमारी भी उन्हीं स्टूडेंट्स में एक हैं जिन्होंने काफी मेहनत कर सफलता हासिल की है।
आकांक्षा ने 12वीं में अपने परिवार और  पिता की उम्मीद से कहीं ज्यादा मार्क्स  प्राप्त किये। उत्तर प्रदेश के नोएडा की सकरी गली और छोटे से घर में रहने वाली अकांक्षा ने सीबीएसई 12वीं बोर्ड परीक्षा में 92 प्रतिशत अंक प्राप्त करके परिवार का मान बढ़ाया है। आकांक्षा के पिता राजेश्वर प्रसाद रिक्शा चलाकर परिवार का भरण पोषण करते हैं। ऐसे में आकांक्षा को कई बार आर्थिक तंगी का सामना भी करना पड़ा लेकिन इन सब चीजों का असर उसने अपनी पढ़ाई पर नहीं पड़ने दिया। 

रोजान 2.5km चलकर जाती हैं स्कूल

आकांक्षा रोजाना स्कूल जाने के लिए 2.5km पैदल चलती थी। अकांक्षा की मां का कहना है कि स्कूल से लौटने के बाद वह घर के कामों में हाथ भी बंटाती थी। वह झाड़ू-पोछा, बर्तन और खाना बनाने के बाद पढ़ाई करती है।