हल्द्वानी। कांग्रेस के हल्द्वानी विधानसभा सीट के कुल 11 दावेदारों ने रविवार को विधानसभा पर्यवेक्षक सुरेंद्र कुमार के समक्ष अपनी दावेदारी पेश कीं। पर्यवेक्षक ने सभी दावेदारों से अलग-अलग रायशुमारी की और उनकी नब्ज टटोली।
स्वराज आश्रम में कांग्रेस के हल्द्वानी विधानसभा सीट के दावेदार और अन्य कांग्रेसी जुटे थे। पर्यवेक्षक सुरेंद्र कुमार के समक्ष दावेदारी पेश करने वालों में सुमित हृदयेश, दीपक बल्यूटिया, ललित जोशी, खजान पांडे, हुकुम सिंह कुंवर, हेमंत बगड्वाल, प्रयाग दत्त भट्ट, एनबी गुणवंत, इकबाल भारती, शशि वर्मा, शोभा बिष्ट ने दावेदारी पेश की। पर्यवेक्षक ने सभी दावेदारों से अलग-अलग बातचीत की और उनसे राय मशवरा किया। पर्यवेक्षक के समक्ष दावेदारी पेश करने वालों ने अपने-अपने पक्ष में तर्क रखे। दावेदारों की दावेदारी पेश करते समय कांग्रेस जिलाध्यक्ष सतीश नैनवाल और महानगर अध्यक्ष राहुल छिमवाल भी मौजूद रहे।