राष्ट्रीय राजमार्ग स्वाला-अमोड़ी के पास 16 घंटे बाधित रहा। इसके अलावा अन्य स्थानों में ही लगातार मलबा आने से एनएच बंद होता रहा। इससे सफर कर रहे यात्रियों को मुश्किलों का सामना करना पड़ा। कई यात्री हाईवे न खुलने के कारण बीती रात आधे रास्ते से वापस लौट गए। घंटों बाद वाहनों के निकलने का रास्ता बनाकर आवागमन शुरू करवाया गया।
रविवार शाम से बारिश के शुरू होने के बाद हाईवे के बंद होने का सिलसिला भी जारी हो गया। इससे पहाड़ और मैदान का डेढ़ दिन तक संपर्क कटा रहा। बीती शाम 6:20 में सबसे पहले स्वाला के पास पहाड़ी दरकी। भारी मात्रा में मलबा आने से एनएच से यातायात ठप हो गया। इसके बाद चल्थी, कोट अमोड़ी में 7:22 बजे पहाड़ी से चट्टान गिर गई। देर रात किलोमीटर 82 और 84 में भी मलबा आने से रोड बंद हो गई। रात 8:45 बजे आठवां मील के पास भी एनएच ब्लॉक हो गया। जिसे लगभग ढाई घंटे की मशक्कत के बाद 11:10 में खोल दिया गया। इसके बाद एनएच को खोलने का काम सोमवार सुबह शुरू हुआ। दोपहर 11:14 बजे कोट अमोड़ी हाईवे से मलबा हटाया जा सका। इसके 10 मिनट बाद ही स्वाला में भी पूरे 16 घंटे बाद मलबे का निस्तारण कर एनएच को यातायात के लिए खोला गया। हाईवे बंद होने से देर रात से सुबह तक सैकड़ों वाहन अलग अलग जगहों पर फंसे रहे। यातायात शुरु होने के बाद लोगों ने राहत की सांस ली। स्वाला की पहाड़ी से अब भी रुक रुक कर मलबा गिर रहा है।