Read in App


• Fri, 18 Jun 2021 5:34 pm IST


उत्तराखंड भवन एवं अन्य सन्निर्माण कर्मकार कल्याण बोर्ड का विवाद पहुंचा थाने


देहरादून। उत्तराखंड भवन एवं अन्य सन्निर्माण कर्मकार कल्याण बोर्ड में अध्यक्ष व सचिव के बीच विवाद और गहरा गया है। सचिव मधु नेगी ने बोर्ड से निकाले गए पांच कर्मचारियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कराने के लिए दून के नेहरू कालोनी थाने में तहरीर दी। उन्होंने पूर्व कर्मचारियों पर जान से मारने की धमकी देने, दुर्व्यवहार करने, सरकारी कार्य में बाधा डालने का आरोप लगाया है। आऱोप है कि पांचों व्यक्ति 16 जून की शाम जबरन बोर्ड कार्यालय में घुस आए। इसके बाद उन्हें एक पत्र देकर धमकाया और कार्यालय से बाहर जाने को कहा। फिर कुछ फाइलें निकालने की कोशिश की। इसका विरोध करने पर उनके साथ गाली-गलौज की। सचिव का यह भी आरोप है कि पांचों आरोपितों ने खुद को बोर्ड अध्यक्ष शमशेर सिंह सत्याल का आदमी बताते हुए उन्हें यह कहकर धमकी दी कि शमशेर सिंह की पहुंच ऊपर तक है। इसके अलावा उन्हें झूठे केस में फंसाने की भी बात कही।