Read in App

DevBhoomi Insider Desk
• Fri, 30 Sep 2022 5:59 pm IST


गंगोत्री के बाद अब यमुनोत्री हाईवे पर भी यातायात सुचारु , यात्रियों ने ली राहत की सांस


उत्तरकाशी : बारिश के कारण धरासू बैंड के समीप पिछले तीन दिनों से बाधित गंगोत्री और यमुनोत्री हाईवे पर शुक्रवार को यातायात पूरी तरह से सुचारु हो गया है। हाईवे खुलने से जगह-जगह जाम में फंसे यात्रियों ने राहत की सांस ली।उत्तरकाशी जिले में लगातार हो रही बारिश के कारण बीते बुधवार की रात को धरासू बैंड के समीप भारी भूस्खलन होने से गंगोत्री और यमुनोत्री हाईवे आवाजाही के लिए बंद हो गए थे। गुरुवार को दिनभर बीआरओ की मशीनरी धरासू के समीप दोनों राजमार्ग को बहाल करने में जुटी रही, लेकिन लगातार चट्टानी मलबा गिरने के कारण हाईवे को यातायात के लिए नहीं खोला जा सका। आखिरकार शुक्रवार को सुबह नौ बजे के आसपास बीआरओ की ओर से दोनों राष्ट्रीय राजमार्ग आवाजाही के लिए खोले गए। हालांकि धरासू में खुलने के बाद भी यात्रियों की परेशानी कम नहीं हुई। बंदरकोट में गंगोत्री हाईवे पर सुबह पांच बजे आवाजाही ठप होने से यात्री जाम में फंसे रहे, जो कि सुबह पौने दस बजे खुला।