Read in App

DevBhoomi Insider Desk
• Sun, 19 Jun 2022 7:00 am IST

जन-समस्या

असम और त्रिपुरा में बाढ़ ने छीनीं 55 से ज्यादा जिदगियां, तस्वीरें देखकर दहल जाएगा आपका दिल...


असम और त्रिपुरा में बाढ़ से स्थिति भयावह हो गई है। अब तक इस जानलेवा बाढ़ से 55 से ज्यादा लोगों की मौत की खबर है। वहीं बाढ़ की स्थिति को लेकर पीएम मोदी ने असम सीएम हिमंत बिस्वा सरमा को फोन कर राज्य में बाढ़ की मौजूदा स्थिति की जानकारी ली और केंद्र की ओर से हर संभव मदद का आश्वासन दिया। 



सीएम से बातचीत के दौरान पीएम मोदी ने बाढ़ से प्रभावित लोगों को हो रही कठिनाइयों पर चिंता जताई। बता दें कि असम के 28 जिलों में इस साल 18.95 लाख से ज्यादा लोग बाढ़ से बुरी तरह से प्रभावित हैं। बाढ़ और भूस्खलन की घटनाओं में राज्य में अब तक 55 लोगों की मौत हो चुकी है। इधर, बाढ़ के दौरान असम के होजई जिले में बाढ़ प्रभावित लोगों को ले जा रही एक नौका पलट गई। नाव में सवार 3 बच्चे लापता हो गए। जबकि 21 अन्य लोगों को बचा लिया गया। 



पुलिस अधिकारियों के मुताबिक, 24 ग्रामीणों का एक समूह शुक्रवार देर रात इस्लामपुर गांव से सुरक्षित स्थान की ओर बढ़ रहा था, तभी रायकोटा इलाके में उनकी नौका पानी में डूबे एक ईंट-भट्टे से टकरा जाने के कारण पलट गई। वहीं कोपिली नदी ने बड़े भूभाग में पानी भर दिया है और जिले में 55,150 से अधिक लोग प्रभावित हुए हैं। आलम ये है कि, जिले के 47 राहत शिविरों में कुल 29,745 लोगों ने शरण ली है।



वहीं पश्चिम त्रिपुरा जिले के सदर अनुमंडल में मूसलाधार बारिश के कारण आई बाढ़ में 2,000 से अधिक लोग विस्थापित हुए हैं। उन्होंने 20 राहत शिविरों में शरण ली है। हालांकि, अभी तक किसी के मारे जाने की खबर नहीं है।