Read in App

DevBhoomi Insider Desk
• Thu, 19 Aug 2021 8:00 am IST


पहाड़ों पर साइबर चौकियां खोलने की तैयारी


बढ़ते साइबर अपराध पर अंकुश लगाने के लिए पुलिस एक और बड़ा कदम उठाने जा रही है। लोग आसानी से पुलिस को शिकायत कर सकें इसके लिए अब पहाड़ी जिलों में साइबर चौकियां खोलने की तैयारी की जा रही है। इसके लिए पुलिस मुख्यालय स्तर पर मंथन चल रहा है। जल्द ही प्रस्ताव शासन को भेजे जाएंगे। दरअसल, वर्तमान में प्रदेश में साइबर अपराधी रोज सैकड़ों लोगों को शिकार बना रहे हैं। इन अपराधों की जांच और रोकथाम के लिए प्रदेश में दो साइबर पुलिस स्टेशन ही संचालित किए जा रहे हैं। इनमें एक देहरादून और दूसरा रुद्रपुर में है। रुद्रपुर पुलिस साइबर पुलिस स्टेशन इसी साल जनवरी में शुरू किया गया था। इनके अलावा जून में एक हेल्पलाइन भी शुरू की गई थी। इसमें अब तक हजारों लोगों ने अपनी शिकायतें दर्ज कराई हैं, लेकिन पहाड़ में भी बड़ी संख्या में लोग साइबर अपराधियों के जाल में फंस रहे हैं।