Read in App

DevBhoomi Insider Desk
• Wed, 30 Nov 2022 3:50 pm IST


Startup 80 Wash: तीन लड़कों ने बनाई ऐसी वाशिंग मशीन, बिना डिटर्जेंट के महज 80 सेकेंड में धुल जायेंगे कपड़े


वॉशिंग मशीन की वजह से अब कपड़े धोना बेहद आसान हो गया है लेकिन इसे खरीदना सबके बस में नहीं होता है क्योंकि ये काफी महंगी होती है। इसे चलाने में बिजली की भी काफी खपत होती है और पानी भी ज्यादा लगता है। जहां दुनियाभर के कई हिस्सों में लोगों को पीने का पानी नहीं मिल पाता है। वहीं वॉशिंग मशीन से कपड़े धोने में सैकड़ों लीटर पानी बर्बाद हो जाता है। इतना ही नहीं हमें इसके लिए डिटर्जेंट का इस्तेमाल करना होता है, जो स्किन के लिए नुकसान दायक होता है।
इससे कपड़ों का फैब्रिक भी खराब हो जाता है। अब वाशिंग मशीन का एक स्टार्टअप आया है जो महज 80 सेकेंड में कपड़े वाश कर देता है। इस कंपनी का नाम 80 वॉश है। इस कंपनी ने 80 सेकेंड में कपड़ों को साफ करने वाली वॉशिंग मशीन बनाई है।
चंडीगढ़ की 80Wash दो प्रॉब्लम्स को सॉल्व करने का प्रयास कर रही है। एक तो ऑटोमेटिक और दूसरी वॉशिंग मशीन्स में खर्च होने वाले पानी और डिटर्जेंट के नाम पर इस्तेमाल होने वाले केमिकल्स को। इसके लिए तीन लड़कों रूबल गुप्ता, नितिन कुमार सलूजा और विरेंद्र सिंह ने अपने स्टार्ट 80Wash की शुरुआत की, जो मात्र  80 सेकेंड में कपड़ों को साफ कर सकती है। हालांकि, सफाई का टाइम (स्पिन) कपड़ों और दाग के हिसाब से बढ़ता है। 
इसमें आप मेटल कंपोनेंट और PPE किट्स की भी सफाई कर सकते हैं। इसके लिए आपको कुछ मिनट्स और थोड़ा सा पानी ही खर्च करना होगा। यह मशीन ISP स्टीम टेक्नोलॉजी पर बेस्ड है, जो बैक्टेरिया को लो फ्रीक्वेंसी रेडियो पर बेस्ड माइक्रोवेव की मदद से खत्म करती है। इसी टेक्नीक से मशीन कपड़ों पर लगे दाग, धूल और कलर को भी साफ करती है।  इसके लिए रूम टेम्परेचर पर ड्राई स्टीम जनरेटर का प्रयोग किया जाता है। सिंगल साइकिल में आप 80 सेकेंड में लगभग 5 कपड़े आधे कप पानी में धो सकते हैं। स्टार्टअप की मानें तो इसके लिए किसी डिटर्जेंट की आवश्यकता नहीं होती है। कपड़े में अधिक दाग होने पर मशीन धुलाई की साइकिल्स बढ़ा देगी। यह क्षमता 7-8KG वाले मॉडल की है।
70 से 80 KG  वाले मॉडल की क्षमता 50 कपड़ों को साफ करने की है। इसमें 5 से 6 ग्लास पानी ही खर्च करना पड़ेगा। अभी ये वाशिंग मशीन पायलट प्रोजेक्ट पर है। स्टार्टअप ने चंडीगढ़, पंचकुला और मोहाली के होटल्स और हॉस्पिटल सहित कुल 7 जगहों पर इसे लगाया है। 80Wash ने पे-पर-यूज मॉडल अपनाया है। इसके लिए कंपनी स्टूडेंट्स को 200 रुपये प्रति माह का सब्सक्रिप्शन दे रही है, जिसमें वह अनलिमिटेड कपड़े धो सकते हैं। इस स्टार्टअप को पंजाब और हरियाणा सरकार की स्वीकृति भी मिल गई है।