Read in App

DevBhoomi Insider Desk
• Mon, 4 Apr 2022 6:27 pm IST


रिटायर्ड दरोगा बनकर रह रहा 10 हजार का ईनामी गिरफ्तार


कत्ल के मामले में आरोपी ठहराए गए बेटों को बचाने के लिए कम उम्र दर्शाते हुए फर्जी मार्कशीट बनाने के मामले में 10 हजार के इनामी अनिल कुमार को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस ने उसे मुरादाबाद के कस्बा दलपतपुर के लक्ष्मीपुर कट्टई से पकड़ा। वह वहां रिटायर्ड दरोगा बनकर रह रहा था।एसएसपी आफिस में प्रेस वार्ता कर वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक मंजूनाथ टीसी ने बताया कि इनामी अपराधियों की गिरफ्तारी के लिए अभियान चलाया जा रहा है। इसी क्रम में अनिल को भी गिफ्तार किया गया है। उत्तर प्रदेश के कासगंज जिले के थाना ढोलना के गांव चकेरी निवासी अनिल कुमार उर्फ गुड्डू वर्ष 2012 से फरार चल रहा था। अनिल अपने बेटे लोकेंद्र के साथ नाम बदलकर रिटायर्ड दरोगा गुड्डू के नाम से रह रहा था। वर्ष 2012 में अनिल कुमार उर्फ गुड्डू के बेटे लोकेंद्र, कपिल, जितेंद्र और उनके साथी दीपक बिष्ट ने आवास-विकास के होली चौक पर दो लोगों को चाकू मारकर घायल कर दिया था। इनमें एक घायल गौरव अरोड़ा की मौत हो गई थी। दूसरे घायल मनोज पंत को 186 टांके लगे थे। उस दौरान चारों आरोपी जेल गए थे। एसएसपी ने बताया कि अनिल कुमार ने फर्जी कागजात तैयार कर बेटे कपिल और जितेंद्र को नाबालिग घोषित कर दिया था। परीक्षण के बाद यह कागजात फर्जी पाए गए थे। गिरफ्तार करने वाली टीम में सीओ ऑपरेशन परवेज अली, सीओ पंतनगर अमित कुमार, एसओजी प्रभारी कमलेश भट्ट आदि शामिल रहे।