Read in App

DevBhoomi Insider Desk
• Sun, 26 Dec 2021 7:00 am IST


इस्‍तीफे की धमकी के 24 घंटे बाद सीएम धामी से मिले हरक सिंह रावत


मंत्री पद से इस्तीफे की धमकी देने के 24 घंटे बाद कैबिनेट मंत्री डा हरक सिंह रावत शनिवार शाम को मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी से मिलने उनके आवास पर पहुंचे। बता दें कि हरक सिंह रावत शुक्रवार को कैबिनेट की बैठक छोड़कर चले गए थे। वह कोटद्वार मेडिकल कालेज का विषय कैबिनेट में न आने से नाराज थे। तब से सरकार और संगठन डैमेज कंट्रोल में जुटे हुए थे। 

शनिवार को भाजपा की ओर से दावा किया गया कि मामला सुलझा लिया गया है और हरक की नाराजगी दूर कर ली गई है। बावजूद, इसके हरक सिंह सामने नहीं आ रहे थे। साथ ही मीडिया से दूरी बनाए हुए थे। ऐसे में तमाम तरह के संशय भी गहराने लगे थे। आखिरकार, शाम को हरक अपने करीबी विधायक उमेश शर्मा काऊ के साथ मुख्यमंत्री से मिलने उनके आवास पर पहुंचे। इस मौके पर प्रदेश भाजपा अध्यक्ष मदन कौशिक और कैबिनेट मंत्री धन सिंह भी उपस्थित हैं। माना जा रहा है कि अब हरक सिंह को मना लिया गया है।