Read in App

DevBhoomi Insider Desk
• Sat, 20 Aug 2022 3:50 pm IST


अब गांवों में बनेंगे मिट्टी से निर्मित ईको फ्रेंडली होम स्टे


ईंट, सरिया और कंक्रीट से बने होम स्टे तो आपने देखे होंगे, लेकिन पूरी तरह मिट्टी से निर्मित होम स्टे शायद ही पर्वतीय जिलों में देखे हों। पर्यावरण से प्रेम करने वालों का ये सपना जल्द ही साकार होने जा रहा है। जिला प्रशासन ने सामाजिक संस्था गीली मिट्टी के साथ अनुबंध कर शत प्रतिशत गांवों की मिट्टी से निर्मित ईको फ्रेंडली होम स्टे बनवाने का फैसला लिया है। पायलट प्रोजेक्ट के रूप में पांच गांवों को गोद लिया जाएगा, जिसके लिए एक करोड़ रुपये स्वीकृत हुए हैं।

जिलाधिकारी धीराज सिंह गर्ब्याल ने बताया कि नैनीताल के समीप पंगूट गांव में संस्था गीली मिट्टी ऐसे ईको फ्रेंडली होम स्टे तैयार कर रही है। इसे देखते हुए ही जिला प्रशासन ने गांवों में सामुदायिक पर्यटन को बढ़ाने और रोजगार सृजन की दृष्टि से संस्था के साथ अनुबंध किया है। इससे जहां एक ओर कुमाऊं की स्थानीय वास्तुकला और संस्कृति को पुनर्जीवित किया जा सकेगा, वहीं सामुदायिक पर्यटन को बढ़ावा भी मिलेगा।