Read in App


• Thu, 1 Apr 2021 1:07 pm IST


दुर्मी गांव के पास मैक्स खाई में गिरी, हादसे में 3 लोग घायल, 8 चोटिल


चमोली-चमोली से पगना जा रही एक मैक्स दुर्मी गांव के पास खाई में जा गिरी। वाहन में कुल 11 लोग सवार थे जिसमें 3 लोग घायल और 8 लोग चोटिल हो गए। वाहन में कई शिक्षक भी थे जो छुट्टी खत्म होने के बाद वापस स्कूल के लिए क्षेत्र में जा रहे थे। बिरही-निजमुला-पगना मार्ग पर बुधवार दोपहर को एक मैक्स पगना जा रही थी कि मैक्स दुर्मी गांव के पास अनियंत्रित होकर सड़क से करीब 30 मीटर नीचे खाई में गिर गई। पास ही सड़क पर पुश्ता निर्माण में लगे मजदूर मौके पर पहुंचे और लोगों को बाहर निकाला। साथ ही इसकी सूचना ग्रामीणों को दी। 108 वाहन के जरिए स्थानीय लोगों ने सभी को जिला अस्पताल गोपेश्वर पहुंचाया। हादसे में ज्ञान सिंह (45) पुत्र बुद्धि सिंह निवासी ईराणी, रघुनाथ सिंह (45) पुत्र सुलभ सिंह निवासी ईराणी, शिक्षक धनी आगरी (40) पुत्र भूपाल निवासी गोपेश्वर गंभीर रूप से घायल हो गए। उन्हें अस्पताल में भर्ती किया गया, जबकि अन्य आठ लोगों को प्राथमिक उपचार के बाद छुट्टी दे दी गई।