Read in App

DevBhoomi Insider Desk
• Wed, 15 Jun 2022 2:24 pm IST


निर्दलीय रंजीत और कांग्रेस के अशफाक बने निगम के नए पार्षद


नगर निगम के उप चुनाव में वार्ड-36 के पार्षद पद पर निर्दलीय प्रत्याशी रंजीत ने जीत हासिल की। उन्होंने कांग्रेस प्रत्याशी जितेश कुमार को 33 मतों से हराया जबकि वार्ड-13 के पार्षद पद पर कांग्रेस प्रत्याशी मो. अशफाक ने निर्दलीय मनोज सिंह धामी को सात मतों से पराजित किया। हालांकि निर्दलीय प्रत्याशी धामी की ओर संदेह व्यक्त करने पर दोबारा मतगणना हुई। इस दौरान कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने मतगणना में गड़बड़ी की आशंका जताई, जिस पर उनकी भाजपाइयों के साथ नोकझोंक भी हुई। इस पर पुलिस ने दोनों पार्टियों के कार्यकर्ताओं को मतगणना स्थल से बाहर कर दिया।

अटल उत्कृष्ट एएन झा इंटर कॉलेज में मंगलवार सुबह आठ बजे मतगणना शुरू हुई। वार्ड 36 से पार्षद पद के निर्दलीय प्रत्याशी रंजीत ने 436 मतों के साथ विजय प्राप्त की। उन्होंने कांग्रेस प्रत्याशी जितेश कुमार को 33 मतों से पराजित किया। जितेश को 403 मत प्राप्त हुए। भाजपा प्रत्याशी अशोक सागर 235 मतों के साथ तीसरे स्थान पर रहे जबकि नोटा में तीन मत पड़े। इसके बाद वार्ड नंबर-13 के उप चुनाव के परिणाम घोषित किए गए।

कांग्रेस प्रत्याशी अशफाक को सर्वाधिक 491 मत मिले, भाजपा समर्थित निर्दलीय प्रत्याशी मनोज धामी को 485 मत और निर्दलीय आरिफ को 90 मत मिले। इसी बीच निर्दलीय प्रत्याशी धामी ने दोबारा मतगणना की मांग की। दोबारा मतगणना शुरू होने के कुछ समय बाद कांग्रेस के कार्यवाहक जिलाध्यक्ष हिमांशु गाबा, नगर अध्यक्ष जगदीश तनेजा, अनिल शर्मा आदि मतगणना स्थल पर पहुंचे। उन्होंने आरोप लगाया कि कांग्रेस प्रत्याशी की जीत के बावजूद प्रमाणपत्र नहीं दिया जा रहा और दो से अधिक बार रिकाउंटिग की जा रही है।