यूक्रेन ने दावा किया है कि उसने मंगलवार भोर में रणनीतिक रूप से महत्वपूर्ण कीव के एक उपनगर से रूसी सैनिकों को खदेड़ दिया। रूसी सैनिक राजधानी कीव के दूसरे हिस्सों पर कब्जे का प्रयास कर रहे हैं, जबकि मारीपोल पर बमबारी तेज हो गई है। कीव में 35 घंटे का कर्फ्यू लागू कर दिया गया है, जो बुधवार सुबह खत्म होगा। इससे घरों व तहखानों में रह रहे लोगों की मुश्किलें और बढ़ गई हैं।
कुछ उपनगरीय क्षेत्रों में रूसी सैनिकों ने किया आंशिक कब्जा
यूक्रेन के रक्षा मंत्रालय ने बताया कि भीषण युद्ध के बाद कीव के उपनगर मारकीव से रूसी सेना को खदेड़ दिया गया। यूक्रेनी सेना ने मारकीव के हाईवे पर फिर से कब्जा हासिल कर लिया है। हालांकि, रूसी सेना उत्तर-पश्चिमी उपनगर बुचा, होस्तोमेल व इर्पिन पर आंशिक कब्जा करने में सफल रही है। इन शहरों पर हमले के पहले दिन से बमबारी जारी है।