Read in App

DevBhoomi Insider Desk
• Tue, 23 Aug 2022 12:00 pm IST

नेशनल

भाजपा नेता सोनाली फौगाट की गोवा में हार्टअटैक से मौत, इन वजहों से बटोरी थी सुर्खियां


भाजपा नेता, बिग बॉस फेम और टिकटॉक स्टार सोनाली फौगाट की गोवा में हार्टअटैक से मौत हो गई है। उनके भाई वतन ढाका ने मौत की खबर की पुष्टि की है। 

बताया जा रहा है कि, सोनाली 22 से 25 तक अपने पूर्व निर्धारित गोवा टूर पर थीं। जहां हार्ट अटैक से उनकी मौत हो गयी। सोनाली ने अपने करियर की शुरुआत साल 2006 में एंकरिंग से की थी। वह हिसार दूरदर्शन के लिए एंकरिंग करती थीं। दो साल बाद 2008 में उन्होंने भाजपा ज्वाइन कर ली। 2019 में भाजपा की टिकट पर आदमपुर से विधानसभा का चुनाव भी लड़ा। 

सोनाली पंजाबी और हरियाणवी फिल्में, म्यूजिक वीडियोज कर चुकी हैं। उन्होंने साल 2019 में फिल्म छोरियां छोरों से कम नहीं होती में काम किया था। इसके अलावा वो बिग बॉस की कंटेस्टेन्ट भी रहीं थीं। उन्होंने खुलासा किया था कि, उनके पति के निधन के बाद बहुत से लोगों ने उनका मानसिक उत्पीड़न करने की कोशिश की थी। उस समय वे काफी अकेली पड़ गई थीं। 

सोनाली किसान आंदोलन के दौरान अपने बयानों को लेकर काफी चर्चा में रही थीं। लेकिन पिछले दिनों वे आदमपुर के पूर्व विधायक कुलदीप बिश्नोई के भाजपा में शामिल होने पर काफी नाराज दिखी थीं। उन्होंने कहा था मैं हूं हरियाणा की जाट, नाम है सोनाली फौगाट, कर दूंगी सबकी खड़ी खाट और आगे-आगे देखिए सोनाली फौगाट के ठाठ।