चेन्नई निवासी एक छात्र ने अपनी जिंदगी के बदले 5 लोगों को जिंदगी तोहफे में दी। दरअसल छात्र का हाल ही में शहर के बाहरी इलाके में जीएसटी रोड पर एक्सीडेंट हो गया था। दुर्घटना में उसको गंभीर चोट लगी थी।
काफी इलाज के बाद भी उसका ब्रेन डेड घोषित कर दिया गया। जिसके बाद 19 वर्षीय छात्र ने पांच लोगों को नया जीवन दिया है। दुर्घटना के बाद किशोर को तुरंत एक निजी अस्पताल में ले जाया गया। जहां से इसे चेन्नई के रिले अस्पताल में स्थानांतरित कर दिया गया। क्योंकि छात्र के महत्वपूर्ण अंग ठीक से काम कर रहे थे। इसलिए अस्पताल के सामाजिक कार्यकर्ताओं ने परिवार को अंगदान के बारे में बताया, जो उनके महत्वपूर्ण अंगों को दान करने के लिए सहमत हो गए।
इधर, तमिलनाडु सरकार ने भी ब्रेन-डेड किशोर के अंगों के लिए दान को कानूनी मंजूरी दे दी। जिसके बाद छात्र की एक किडनी और दिल का प्रत्यारोपण किया गया, जबकि एक अन्य किडनी, दो फेफड़े और एक लीवर को अन्य मरीजों में प्रत्यारोपित किया गया।
वहीं ब्रेन-डेड किशोर की बहन ने कहा कि यह वही हो रहा है जो मेरा भाई चाहता था। वह एक निस्वार्थ व्यक्ति था। जिसने आगे आने और जरूरतमंद लोगों की मदद करने में कभी संकोच नहीं किया।