टनकपुर (चंपावत)। डाॅ. एपीजे अब्दुल कलाम प्रौद्योगिकी संस्थान में राष्ट्रीय अंतरिक्ष दिवस का आयोजन किया गया। संस्थान के निदेशक प्रोफेसर हरद्वारी लाल मंडोरिया ने अपने संबोधन में राष्ट्रीय अंतरिक्ष दिवस के महत्व पर प्रकाश डालते हुए भारत की अंतरिक्ष के क्षेत्र में सफलताओं का उल्लेख किया।शुक्रवार को आयोजित कार्यक्रम में संस्थान के निदेशक प्रो। मंडोरिया ने कहा कि इसरो भारतीय अंतरिक्ष अनुसंधान संगठन की उपलब्धियां न केवल भारत के लिए गर्व का विषय हैं, बल्कि यह पूरे विश्व के लिए एक मिसाल हैं। इसरो ने देश को गौरवांन्वित किया है। इस अवसर पर छात्रों को इसरो से संबंधित एक जागरूकता वीडियो भी दिखाया गया। छात्रों को अंतरिक्ष विज्ञान की जटिलताओं और भारत के योगदान के बारे में जागरूक किया।नेशनल स्पेस डे पर आधारित क्विज प्रतियोगिता में टीम अल्फा ने जीत हासिल की। पोस्टर मेकिंग प्रतियोगिता का विषय टचिंग लाइव्स वाइल टचिंग द मून था। इसमें छात्रों ने अपनी कला के माध्यम से अंतरिक्ष के विभिन्न पहलुओं को प्रदर्शित किया। इस अवसर पर छात्र अक्षत, अखंड, भावना, साक्षी, सोनाक्षी, तेजस्व, नितीश भट्ट, अमरेश, अभय कुमार सिंह ने अपने विचार प्रस्तुत किए। संचालन छात्र उत्तम तिवारी और रुद्रांश जोशी ने किया। कार्यक्रम में संकाय समन्वयक, नेहा बिष्ट, अंजना, देवांश, वंश, अंकित उप्रेती मौजूद रहे।