मुंबई: महाराष्ट्र में मचे सियासी घमासान के बीच राज्यपाल भगत
सिंह कोश्यारी ने मंगलवार को मुख्यमंत्री उद्धव ठाकरे को फ्लोर टेस्ट के लिए बोल
दिया है। फ्लोर टेस्ट की डेडलाइन गुरुवार शाम 5 बजे तक की है। इस सियासी हलचल के बीच
आज मुख्यमंत्री उद्धव ठाकरे ने कैबिनेट बैठक की और कई बड़े फैसले किए।
उद्धव कैबिनेट ने आज औरंगाबाद जिले का नाम बदलकर संभाजी नगर
कर दिया है। वहीं, उस्मानाबाद का
नाम बदलकर धाराशिव किया गया है। इसके अलावा नवी मुंबई एयरपोर्ट का नाम डीवाई पाटिल
एयरपोर्ट रखा गया है। कैबिनेट बैठक के बाद मुख्यमंत्री उद्धव ठाकरे ने जनता से माफी
मांगी है। उन्होंने कहा कि ढाई साल में मुझसे कोई गलती हुई हो तो मुझे माफ कीजिएगा। साथ ही उद्धव ने मंत्रियों को शुक्रिया कहा। उन्होंने शिंदे गुट को लेकर कहा कि मुझे अपनों ने धोखा दिया।
कांग्रेसी मंत्रियों के नाराज होने की खबर
वहीं, उद्धव कैबिनेट से कांग्रेस कोटे के दो मंत्री वर्षा गायकवाड़ और असलम शेख नाराज होकर बाहर निकले। बताया जा रहा है कि औरंगाबाद का नाम संभाजी नगर रखने को लेकर वे नाराज हुए। हालांकि, वर्षा गायकवाड़ ने कहा कि वे कुछ जरूरी फाइल लेने बाहर निकलीं थीं, इसे नाराजगी से जोड़कर न देखा जाए।