Read in App

DevBhoomi Insider Desk
• Thu, 16 Jan 2025 5:11 pm IST


रुद्रप्रयाग में निकाय चुनाव प्रचार ने पकड़ी तेजी


जनपद की एक नगर पालिका और चार नगर पंचायतों में प्रत्याशियों का प्रचार लगातार तेजी पकड़ रहा है। अब प्रचार के लिए महज पांच दिन का समय शेष बचा है ऐसे में हर कोई अपने पक्ष में माहौल बनाने के लिए कोई कमी नहीं छोड़ रहा है। प्रत्याशी अपने पक्ष में स्टार प्रचारकों को लाकर जनसम्पर्क कर रहे हैं। रुद्रप्रयाग नगर पालिका अध्यक्ष के लिए चार प्रत्याशियों में जन सम्पर्क करने को लेकर होड़ मची है जबकि अपने पक्ष में मतदाताओं को रिझाने के लिए स्टार प्रचारक लाए जा रहे हैं। भाजपा कांग्रेस ने अपने पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष के साथ ही अन्य पदाधिकारियों को जनसम्पर्क के लिए लाया जा रहा है तो निर्दलीय प्रत्याशी भी अपने स्तर से जोर लगा रहे हैं। शुक्रवार को निर्दलीय प्रत्याशी संतोष रावत के समर्थन में युवा नेता बॉबी पंवार चुनावी जनसभा को सम्बोधित करेंगे। इसको लेकर गुरुवार को नगर में बॉबी पंवार आने की सूचना भी नगर के लोगों को दी गई। रुद्रप्रयाग नगर पालिका के साथ ही नगर पंचायत तिलवाड़ा, अगस्त्यमुनि, ऊखीमठ और गुप्तकाशी में भी पार्टी प्रत्याशी के साथ ही निर्दलीय अपने पक्ष में माहौल बनाने के लिए पूरी तैयारी कर रहे हैं। प्रचार अभियान को लगातार तेजी दी जा रही है। 23 जनवरी को मतदान होना है जबकि 21 जनवरी सांय 5 बजे चुनाव प्रचार बंद हो जाएगा।