Read in App


• Mon, 12 Feb 2024 3:00 pm IST


कॉलोनी में घुस गुलदार ने किया जानलेवा हमला, दो वनकर्मी घायल


हल्द्वानी। शहर की एक रिहायशी कालोनी में हड़कंप की स्थिति पैदा हो गई। झाड़ियों में छिपे गुलदार पर लोगों की ओर से पत्थर मारे जाने पर वह भाग कर इस कालोनी में पहुंच गया था। देखते ही देखते लोगों की भारी भीड़ जमा हो गई। ऐसे में वन विभाग के हाथ-पांव फूल गए। डीएफओ हिमांशु बांगरी संग वन्यजीव चिकित्सक और रेंज टीम भी मौके पर पहुंच गई।करीब छह घंटे तक चले रेस्क्यू अभियान के बाद उसे ट्रैंकुलाइज किया गया। उपचार के बाद गुलदार को घने जंगल में छोड़ दिया गया। 

हंगामे के बीच वन विभाग के लिए रेस्क्यू अभियान चलाना और मुश्किल हो गया था। इसके बाद वन विभाग ने जाल बिछाने के साथ ट्रैंकुलाइज टीम को भी तैयार किया, मगर गुलदार ने वनकर्मियों पर ही हमला कर दिया।हमले में फारेस्टर सुरेंद्र सिंह और चालक कन्नू घायल भी हुआ। इसके बाद ट्रैंकुलाइज गन का निशाना लगने पर गुलदार बेहोश हुआ। 12 बजे के आसपास वन विभाग संग स्थानीय लोगों ने भी राहत की सांस ली।