Read in App

DevBhoomi Insider Desk
• Sun, 21 Aug 2022 11:00 am IST

नेशनल

अल-शबाब गुट ने सोमालिया की राजधानी मोगादिशु में जमकर मचाई तबाही, 30 की मौत, 40 घायल...


सोमालिया की राजधानी मोगादिशु में नामी हयात होटल में शुक्रवार रात हुए आतंकी हमले का सुरक्षाबलों ने जमकर जवाब दिया। हमले के लगभग 30 घंटे बाद सोमाली सुरक्षाबलों ने पूरी तरह से होटल को अपने कब्जे में ले लिया। 

हालांकि, कितने आतंकवादी इस कार्रवाई में मारे गए हैं। इसकी अभी तक कोई जानकारी सामने नहीं आई है। वहीं सोमालिया सरकार रविवार सुबह इस बारे में प्रेसवार्ता करेगी। आतंकवादियों से चली इस मुठभेड़ में कम से कम 30 लोगों की मौत हो गई, और 40 लोग घायल हैं। आतंकियों ने मुंबई हमले की तरह अंधाधुंध फायरिंग कर लोगों की हत्या की। और काफी लोगों को बंधक बना लिया था। 

सोमाली अधिकारियों के मुताबिक, शुक्रवार शाम को हयात होटल पर अल-कायदा से जुड़े आतंकवादियों ने बंदूक और बम हमले में दर्जनों लोग मारे और घायल हो गए। इस हमले की आतंकी संगठन अल-कायदा से जुड़े अल-शबाब गुट ने जिम्मेदारी ली है। हमलावरों ने दो कारों में बम विस्फोट किए और अंधाधुंध गोलियां भी चलाईं। एक कार होटल के पास बैरियर से टकराई तो दूसरी होटल के गेट से जा टकराई। दोनों कारों में हुए जोरदार धमाकों से लोगों में दहशत फैल गई।

हमलावरों ने अंधाधुंध फायरिंग भी की। मरने वालों में ज्यादातर आम नागरिक हैं। सोमालिया की राजधानी मोगादिशु के हयात होटल पर अल-शबाब के आतंकी हमले की कड़ी निंदा करते हुए भारत ने हताहतों के परिजनों के प्रति गहरी संवेदना व्यक्त की है। विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता अरिंदम बागची ने एक ट्वीट में कहा कि, आतंकवाद के खिलाफ लड़ाई में भारत सोमालिया की सरकार और वहां के लोगों के साथ खड़ा है।