Read in App

DevBhoomi Insider Desk
• Sun, 24 Jul 2022 4:00 pm IST

नेशनल

रक्षा मंत्री ने शहीदों को किया याद, कारगिल विजय दिवस के मौके पर जम्मू में शहीद परिवारों को सम्मानित...


रक्षामंत्री राजनाथ सिंह ने कारगिल विजय दिवस के मौके पर जम्मू में शहीद परिवारों को सम्मानित किया। गुलशन ग्राउंड में आयोजित हुए कार्यक्रम में उन्होंने कारगिल युद्ध के शहीदों के बारे में विस्तार बात की। उनके साथ राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के सरकार्यवाह दत्तात्रेय होसबोले भी कार्यक्रम में शामिल हुए।

रक्षा मंत्री ने कहा कि, कारगिल विजय सेना के शौर्य और पराक्रम का गौरवपूर्ण अध्याय है। पंडित नेहरू की बहुत से लोग आलोचना करते हैं। मैं एक विशेष राजनीतिक दल से आता हूं। लेकिन मैं पंडित नेहरू या किसी भारतीय प्रधानमंत्री की आलोचना नहीं कर सकता। मैं किसी भारतीय प्रधानमंत्री की नीयत को गलत नहीं ठहरा सकता। उनकी नीति भले गलत रही हो, लेकिन नीयत नहीं। उन्होंने कहा कि इतना तय है कि 1962 के युद्ध का बड़ा खामियाजा भारत ने भुगता। चीन ने लद्दाख में हमारे क्षेत्र पर कब्जा कर लिया। 

रक्षामंत्री बोले आज का भारत दुनिया के सबसे शक्तिशाली देशों में से एक है। पाक अधिकृत कश्मीर पर भारत की संसद में प्रस्ताव पारित हुआ था। पाक अधिकृत कश्मीर भारत का हिस्सा था, भारत का हिस्सा है और रहेगा। ये कैसा हो सकता है कि शिव के स्वरूप बाबा अमरनाथ हमारे यहां हो और मां शारदा शक्ति स्वरूपा LoC के पार हो।

वहीं कार्यक्रम के दौरान रक्षामंत्री ने बिग्रेडियर उस्मान और मेजर शैतान सिंह के शौर्य को भी याद किया। आरएसएस से जुड़े संगठन जम्मू-कश्मीर पीपुल्स फोरम की तरफ से कारगिल विजय दिवस और स्वतंत्रताके 75 साल पूरे होने के उपलक्ष्य में करवाए जा रहे समारोह में केंद्रीय राज्य मंत्री डॉ. जितेंद्र सिंह की भी उपस्थित रहे। मुख्य अतिथि ने शॉल और स्मृति चिह्न देकर शहीदों के परिवारों को सम्मानित किया।

कार्यक्रम में 1947 से लेकर अब तक देश की आंतरिक और सीमा पर सुरक्षा करते सेना, अर्धसैनिक बलों और जम्मू-कश्मीर पुलिस सहित अन्य सुरक्षा बलों के जवानों के सर्वोच्च बलिदान को याद किया जाएगा।