Read in App


• Tue, 9 Jul 2024 4:47 pm IST


अनाथ बेटी को लिया गोद; कराई शादी.....जवानों ने भाई बनकर किया विदा


पिथौरागढ़ पुलिस ने मानवता की मिसाल पेश की है। एक अनाथ कन्या को पहले गोद लिया और आज उसकी पूरे रीति रिवाज से शादी कर दी। पुलिस के जवानों ने अनाथ लड़की की धूमधाम से शादी कराकर उसे ससुराल के लिए विदा किया। पुलिस के इस नेक कार्य की सर्वत्र सराहना हो रही है।जानकारी के अनुसार प्रतिसार निरीक्षक नरेश चंद्र जखमोला को कुछ समय पूर्व शहर में एक मंदिर के पास पुष्पा नाम की एक लड़की मिली थी।लड़की ने बताया था कि वह धारचूला क्षेत्र के किसी गांव की है। उसके माता-पिता नहीं है। उसका पालन पोषण उसकी दादी ने किया। दादी का भी 10 वर्ष पूर्व निधन हो गया। वह काम की तलाश में पिथौरागढ़ आई। यहां किसी व्यक्ति के यहां काम कर रही थी। अचानक उसे काम से निकाल दिया। वह यहां काम की तलाश कर रही है। उसने प्रतिसार निरीक्षक जखमोला से कहा था कि उसे कहीं काम दिलवा दें।प्रतिसार निरीक्षक ने लड़की को गोद लेने की पहल की। उन्होंने इसकी जानकारी एसपी रेखा यादव और सीओ परवेज अली को दी। इसके बाद लड़की की शादी कराने के लिए थल निवासी विपिन के साथ रिश्ता तय कराया।
लड़की का कन्यादान प्रतिसार निरीक्षण जखमोला ने पिता और जखमोला की समधन और समाजसेवी रुक्मिणी देवी ने लड़की की मां की भूमिका निभाकर कन्यादान किया। उसकी शादी के लिए पिथौरागढ़ पुलिस के सभी जवानों और कर्मियों ने आर्थिक सहयोग किया। आठ जुलाई को पुलिस लाइन के गौरी हॉल सभागार में रीति रिवाज से उसकी शादी कराकर बिटिया को ससुराल विदा किया। पिथौरागढ़ पुलिस के इस प्रयासों की लोगों ने सराहना की है।